
नई दिल्ली, 11 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)-LPG Price : देशभर में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बुधवार को कोई बदलाव नहीं किया गया, लेकिन अलग-अलग राज्यों और शहरों में गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। इंडियन ऑयल द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश के कुछ शहरों में उपभोक्ताओं को रसोई गैस के लिए काफी ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है, जबकि कई बड़े शहरों में सिलेंडर अपेक्षाकृत सस्ते दामों पर उपलब्ध है। ताजा आंकड़ों के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर देश में सबसे महंगा लेह में बिक रहा है। यहां उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर के लिए 1,179 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में यही सिलेंडर सबसे कम कीमत पर उपलब्ध है। मुंबई में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 941.50 रुपये में मिल रहा है। इस तरह दोनों शहरों के बीच कीमतों में 237.50 रुपये का बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
देश के कई पहाड़ी और दूरदराज इलाकों में एलपीजी की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। लेह के अलावा नॉर्थ त्रिपुरा में घरेलू सिलेंडर 1,119.50 रुपये, गंगटोक में 1,094.50 रुपये, आइजॉल में 1,094 रुपये और वेस्ट इंफाल में 1,093.50 रुपये में उपलब्ध है। वहीं जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर के लिए 1,058 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियां, लंबी परिवहन दूरी और वितरण लागत इन क्षेत्रों में एलपीजी की कीमतें बढ़ाने वाले प्रमुख कारण हैं। पहाड़ी और दुर्गम इलाकों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने में कंपनियों को अधिक खर्च करना पड़ता है, जिसका असर अंतिम कीमत पर दिखाई देता है।
LPG Price : दूसरी ओर देश के कई बड़े शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर अभी भी 1,000 रुपये से कम कीमत पर उपलब्ध है। मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, गुरुग्राम, जयपुर, गोवा, चेन्नई, देहरादून, कोलकाता और लखनऊ जैसे शहरों में उपभोक्ताओं को अपेक्षाकृत कम कीमत पर एलपीजी सिलेंडर मिल रहा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की बात करें तो 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमतों में भी भारी अंतर देखने को मिल रहा है। देश में सबसे महंगा कमर्शियल सिलेंडर भी लेह में बिक रहा है। वहीं नॉर्थ त्रिपुरा, गंगटोक, वेस्ट इंफाल, आइजॉल और अंडमान जैसे क्षेत्रों में भी इसकी कीमतें काफी ऊंची बनी हुई हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार एलपीजी की कीमतों में अंतर के पीछे कई कारक जिम्मेदार होते हैं। इनमें परिवहन और लॉजिस्टिक्स लागत, राज्य सरकारों द्वारा लगाए जाने वाले टैक्स, भंडारण और वितरण खर्च तथा भौगोलिक स्थिति प्रमुख हैं। यही वजह है कि एक ही देश में अलग-अलग शहरों के बीच गैस सिलेंडर की कीमतों में इतना बड़ा अंतर देखने को मिलता है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


