
रायगढ़ (महाराष्ट्र) (वीकैंड रिपोर्ट)- LPG Cylinder Flood : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से मानसून के बीच एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ जैसे हालात के कारण करीब 3,000 एलपीजी गैस सिलेंडर नदी में बह गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में सिलेंडर तेज बहाव के साथ नदी में तैरते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रायगढ़ जिले के पनवेल तालुका स्थित चावणे इलाके में हुई। यहां HPCL पातालगंगा LPG बॉटलिंग प्लांट के पास पातालगंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से प्लांट परिसर में रखे हजारों गैस सिलेंडर पानी के तेज बहाव में बह गए। बताया जा रहा है कि नदी में बहे सिलेंडरों में कुछ पूरी तरह भरे हुए हैं, जबकि कुछ खाली हैं। तेज बहाव के कारण सिलेंडर कई किलोमीटर दूर तक पहुंच गए, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
LPG Cylinder Flood : घटना के बाद जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से खोजने और वापस लाने के अभियान में जुट गई हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके। रायगढ़ के जिलाधिकारी किशन जावले ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी में बहकर आए किसी भी सिलेंडर के अंदर गैस है या नहीं और वह सुरक्षित स्थिति में है या नहीं, इसकी कोई गारंटी नहीं होती। ऐसे में कोई भी व्यक्ति उत्सुकतावश या उपयोग के उद्देश्य से सिलेंडर को उठाने, खोलने या घर ले जाने की कोशिश न करे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि नदी या आसपास के क्षेत्रों में कोई गैस सिलेंडर दिखाई दे तो उसकी जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को दें। किसी भी तरह का जोखिम उठाने से गंभीर हादसा हो सकता है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


