नई दिल्ली, 7 अप्रैल (वीकैंड रिपोर्ट)- 2026 LPG Cylinder Crisis : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है। तेल और गैस सप्लाई को लेकर चिंताओं के बीच भारत के कई हिस्सों में LPG सिलेंडर के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं। हालांकि, केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इस स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने 5 किलोग्राम वाले छोटे LPG सिलेंडर की सप्लाई तेज कर दी है। इन सिलेंडरों को FTL (Free Trade LPG) Cylinder कहा जाता है, जो खास तौर पर आम उपभोक्ताओं को त्वरित राहत देने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बिना एड्रेस प्रूफ के मिलेगा सिलेंडर
इस छोटे सिलेंडर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे खरीदने के लिए एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं होती। उपभोक्ता सिर्फ एक वैध पहचान पत्र दिखाकर अपने नजदीकी गैस एजेंसी से इसे खरीद सकते हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, 23 मार्च से अब तक देशभर में लगभग 6.6 लाख 5 किलो वाले सिलेंडर बेचे जा चुके हैं।
LPG Cylinder Crisis : सरकार की अपील—पैनिक बायिंग से बचें
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर पेट्रोल, डीजल या LPG का अनावश्यक स्टॉक न करें। मंत्रालय का कहना है कि देश के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है और सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं।
सप्लाई सामान्य रखने के प्रयास
सरकार के मुताबिक घरेलू और परिवहन क्षेत्र में ईंधन की सप्लाई लगातार जारी है। साथ ही 6 अप्रैल से उर्वरक संयंत्रों को भी 90% तक गैस सप्लाई मिलने की उम्मीद है, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति और बेहतर होने की संभावना है। इन उपायों के जरिए सरकार आम लोगों को राहत देने और बाजार में स्थिरता बनाए रखने की कोशिश कर रही है।