
लुधियाना, 7 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Ladowal Toll Plaza Illegal Collection : लाडोवाल टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी और अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टोल प्लाजा का संचालन कर रही कंपनी ‘मैसर्स रणछोड़ इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड’ ने आरोप लगाया है कि कुछ हथियारबंद युवकों ने टोल संचालन में बाधा डालते हुए जबरन वसूली की। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर तुरंत एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हॉकी-बैट और डंडों के साथ पहुंचे युवक
शिकायत के अनुसार, घटना 6 मई दोपहर करीब 3:15 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि एक व्यक्ति अपने 10-15 साथियों के साथ अचानक टोल प्लाजा पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि युवक बेसबॉल बैट, हॉकी स्टिक और डंडों से लैस थे। उन्होंने टोल बूथों पर तैनात कर्मचारियों के पास अपने लोग खड़े कर दिए और बसों से कथित तौर पर अवैध वसूली शुरू कर दी।
Ladowal Toll Plaza Illegal Collection : विरोध करने पर स्टाफ को धमकाया
टोल कर्मचारियों ने जब इस कार्रवाई का विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं। शिकायत में कहा गया है कि स्टाफ के साथ बदसलूकी की गई और उन पर दबाव बनाकर काम रुकवाया गया। आरोप है कि राहों रोड का रहने वाला एक व्यक्ति जिला प्रशासन के नाम का इस्तेमाल कर कर्मचारियों को डराने की कोशिश कर रहा था। इस घटना के बाद टोल प्लाजा पर काफी देर तक अफरा-तफरी और डर का माहौल बना रहा।
NHAI ने जताई राजस्व नुकसान की चिंता
एनएचएआई ने पुलिस को भेजे पत्र में कहा है कि इस तरह की घटनाओं से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है और विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है। अथॉरिटी ने मांग की है कि टोल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


