
चंडीगढ़, 7 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- ED raid Mohali Chandigarh : प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार तड़के मोहाली और चंडीगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 जगहों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई चर्चित सनेटेक सिटी प्रोजेक्ट से जुड़े कथित घोटाले और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर की गई।
जानकारी के मुताबिक, खरड़ स्थित सेक्टर-121 की वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आईटी सेक्टर से जुड़े कारोबारी नितिन गोहिल के फ्लैट पर दिल्ली से पहुंची ईडी टीम ने रेड की। जांच के दायरे में ABS टाउनशिप, ओल्टस बिल्डर्स और धीर कंस्ट्रक्शंस समेत कई बिल्डर्स बताए जा रहे हैं। इन पर लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी और GMADA से मिले CLU लाइसेंस के गलत इस्तेमाल के आरोप हैं।
9वीं मंजिल से नीचे फेंका गया नकदी से भरा बैग
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही कारोबारी को ईडी की कार्रवाई की भनक लगी, उसने अपने फ्लैट की 9वीं मंजिल से नकदी से भरा बैग नीचे फेंक दिया।
बताया जा रहा है कि बैग में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। ऊंचाई से गिरने के कारण बैग फट गया और नोट जमीन पर बिखर गए। कई नोट हवा में उड़ने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ED raid Mohali Chandigarh : ड्राइवर बैग लेकर भागने लगा, ED ने दबोचा
मिली जानकारी के मुताबिक नीचे पहले से कार लेकर खड़ा ड्राइवर बैग उठाकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ईडी टीम ने पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
सूत्रों का कहना है कि बैग से लाखों रुपये की नकदी बरामद की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
कई बिल्डर्स जांच के घेरे में
ईडी की जांच में कई रियल एस्टेट कंपनियों और बिल्डर्स की भूमिका की जांच की जा रही है। आरोप है कि लोगों को बड़े निवेश और प्रॉपर्टी प्रोजेक्ट्स के नाम पर करोड़ों रुपये का चूना लगाया गया।
फिलहाल ईडी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


