
जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- PM Modi Jalandhar Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री 17 जुलाई को जालंधर पहुंचेंगे, जहां वे नवनिर्मित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।
उद्घाटन समारोह से पहले रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बुधवार को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान रेलवे बोर्ड के अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। अधिकारियों ने स्टेशन पर चल रहे अंतिम चरण के कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।
करीब 98.89 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस आधुनिक रेलवे स्टेशन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, ताकि आने वाले वर्षों में यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
मीडिया से बातचीत में रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि रेलवे विभाग प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों में पूरी गंभीरता से जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे नेटवर्क का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है और 100 वर्ष से अधिक पुराने कई रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन भी इसी अभियान का हिस्सा है।
PM Modi Jalandhar Visit : उन्होंने बताया कि 17 जुलाई तक जिन रेलवे स्टेशनों का निर्माण और आधुनिकीकरण कार्य पूरा हो जाएगा, उनका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। बिट्टू ने कहा कि बड़े विकास कार्यों में छोटी-मोटी कमियां रह जाती हैं, लेकिन सभी कमियों को समय रहते दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के पंजाब दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन भी पूरी तरह सक्रिय हैं। सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


