
जालंधर, 12 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Jalandhar Sewerage Problem : जालंधर में हुई महज आधे घंटे की बारिश ने शहर की सीवरेज और सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। शहर की कई प्रमुख सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सीवरेज का गंदा पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा।
इस मुद्दे को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नगर निगम में विपक्ष के नेता एवं पार्षद मनजीत सिंह टीटू ने निगम प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि हर साल सीवरेज सफाई, अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति और करोड़ों रुपये खर्च कर आधुनिक मशीनें खरीदने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन मात्र आधे घंटे की बारिश ने इन सभी दावों की वास्तविकता जनता के सामने ला दी है।
‘मानसून से पहले ही बिगड़े हालात’
मनजीत सिंह टीटू ने कहा कि अभी मानसून की औपचारिक शुरुआत भी नहीं हुई है और शहर का यह हाल है। ऐसे में आने वाले दिनों में लगातार बारिश होने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह से फेल साबित हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में चर्चा है कि आम आदमी पार्टी के चुनाव हार चुके कुछ उम्मीदवारों को तीन-तीन सीवरमैन तैनात किए गए हैं। यदि यह सच है तो यह गंभीर जांच का विषय है कि जब पूरा शहर पानी और सीवरेज की समस्या से जूझ रहा था, तब ये कर्मचारी कहां थे।
वेस्ट हलके के लिए नावों की मांग
इस दौरान एडवोकेट अमित सिंह संधा ने नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि से मांग की कि वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में 3 से 4 छोटी नावों की व्यवस्था की जाए, ताकि मानसून के दौरान लोगों को आने-जाने में सुविधा मिल सके और जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत पहुंचाई जा सके।
Jalandhar Sewerage Problem : निगम से की ये प्रमुख मांगें
मनजीत सिंह टीटू ने मांग की कि शहर के सीवरेज सिस्टम की युद्ध स्तर पर सफाई करवाई जाए। इसके अलावा सीवरेज सफाई के लिए खरीदी गई मशीनों की वर्तमान स्थिति और उन पर हुए खर्च का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यह स्थिति पैदा हुई है, उनकी जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
सड़कों पर उतरने की चेतावनी
विपक्षी नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते नगर निगम ने ठोस कदम नहीं उठाए तो मानसून के दौरान हालात और खराब हो सकते हैं। ऐसे में जनता को मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ सकता है। इस अवसर पर एडवोकेट अमित सिंह संधा, कृष्ण मीनिया, सरताज सिंह, प्रभाकर, सुरिंदर शर्मा और पंकज बाबा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


