
जालंधर, 19 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Jalandhar E-Challan : स्मार्ट सिटी जालंधर में अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है। शहर में लगाए गए अत्याधुनिक CCTV कैमरों की निगरानी में पंजाब पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। यही कारण है कि इस वर्ष अब तक करीब 40 हजार ई-चालान जारी किए जा चुके हैं और नियम तोड़ने वालों से लगभग 5 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है। दिल्ली और चंडीगढ़ की तर्ज पर जालंधर में भी ई-चालान सिस्टम पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में 1,107 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रख रहे हैं।
रेड लाइट जंप करते ही कट रहा चालान
पंजाब पुलिस के अनुसार शहर के लगभग हर प्रमुख चौराहे और सड़क पर कैमरे सक्रिय हैं। यदि कोई वाहन चालक रेड लाइट जंप करता है या जेबरा क्रॉसिंग पार करता है तो सिस्टम तुरंत उसकी पहचान कर ई-चालान जारी कर देता है। सब-इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि यह तकनीक ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को भी मजबूत कर रही है।
Jalandhar E-Challan : हादसों पर भी रखी जा रही नजर
सिर्फ ट्रैफिक नियमों की निगरानी ही नहीं, बल्कि हाईटेक कंट्रोल रूम सड़क दुर्घटनाओं पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी हादसे की जानकारी मिलते ही कंट्रोल रूम तत्काल संबंधित एजेंसियों और सड़क सुरक्षा बल (SSF) को अलर्ट भेजता है, ताकि पीड़ितों तक जल्द सहायता पहुंचाई जा सके। स्मार्ट कैमरा नेटवर्क अपराध नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पुलिस इन कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों की पहचान कर उन्हें ट्रैक करने में सफल हो रही है।
पुलिस की अपील
जालंधर पुलिस ने नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि रेड लाइट जंप करने, जेबरा क्रॉसिंग पार करने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने और जिम्मेदार नागरिक की तरह यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


