

जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Jalandhar 4 Year Child Kidnapping Case Update : जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके से अगवा किए गए 4 वर्षीय मासूम केशव के मामले में कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहरण की इस सनसनीखेज वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने बच्चे को अगवा करने के बाद उसे बेचने की साजिश रची थी।
डीसीपी आदित्य वारियर ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रजत रत्तु उर्फ रॉकी को रविवार सुबह करीब 5 बजे उसके गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी आदमपुर का रहने वाला है और पेशे से ड्राइवर है। पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर मामले की गुत्थी सुलझाते हुए यह गिरफ्तारी की है।
1 लाख रुपए में बच्चे का सौदा करने की थी तैयारी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने केशव को अगवा करने के बाद उसे लगभग 1 लाख रुपए में किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने की योजना बनाई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि इस कथित सौदे के लिए 20 हजार रुपए एडवांस के तौर पर मिलने थे। हालांकि, शहरभर में पुलिस की सख्त नाकेबंदी और लगातार तलाशी अभियान के कारण आरोपी अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सके। दबाव बढ़ता देख दोनों आरोपी कथित तौर पर बच्चे को बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने केशव को सुरक्षित बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया।
Jalandhar 4 Year Child Kidnapping Case Update : कपड़े बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के अनुसार, अपहरण के बाद आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदल लिए थे। पुलिस ने उन कपड़ों को भी बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कुछ समय के लिए बच्चे को अपने परिचितों के पास रखा था। पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि इस पूरे घटनाक्रम में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
फरार आरोपी प्रिंस की तलाश जारी
मामले में प्रिंस नामक एक अन्य आरोपी की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया है कि यह उनकी पहली ऐसी वारदात थी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर केशव को ही निशाना क्यों बनाया गया और इस कथित साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में इस मामले से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


