





नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Indian Army Promotion Rules Change : भारतीय सेना में अधिकारियों की पदोन्नति व्यवस्था और रैंक स्ट्रक्चर में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। सामने आए प्रस्ताव के अनुसार, सेना से ब्रिगेडियर रैंक को समाप्त करने और कर्नल रैंक के बाद अधिकारियों को सीधे मेजर जनरल के पद पर पदोन्नत करने का सुझाव दिया गया है। इसके साथ ही कर्नल और उससे नीचे के रैंक के अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु 54 वर्ष से बढ़ाकर 56 वर्ष करने की सिफारिश भी की गई है।
इस प्रस्ताव का उद्देश्य सेना के अधिकारियों को समय पर प्रमोशन के अवसर उपलब्ध कराना और लंबे समय से चली आ रही पदोन्नति संबंधी बाधाओं को दूर करना है। इसके तहत 14 साल की सेवा पूरी करने पर कर्नल और 26 साल की सेवा पर मेजर जनरल के पे-लेवल तक पहुंचने का प्रस्ताव रखा गया है। इस बदलाव से जुड़े सुझाव रक्षा मंत्रालय के माध्यम से आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के समक्ष रखे जाने की तैयारी है। वेतन आयोग को मई 2027 तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। हालांकि, फिलहाल ये सभी सुझाव प्रस्ताव के स्तर पर हैं और इन पर अंतिम फैसला सरकार तथा संबंधित प्राधिकरणों की मंजूरी के बाद ही होगा।
सेना के प्रमोशन सिस्टम में बदलाव की तैयारी, पिरामिड मॉडल होगा खत्म?
भारतीय सेना में अधिकारियों का मौजूदा कैडर स्ट्रक्चर पिरामिड के आकार का है। इसमें निचले पदों पर अधिकारियों की संख्या अधिक होती है, जबकि वरिष्ठ पदों की संख्या सीमित होने के कारण प्रमोशन के अवसर कम रह जाते हैं। इस वजह से कई योग्य अधिकारियों को अगली रैंक तक पहुंचने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। प्रस्ताव में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, सेना के लगभग 86 प्रतिशत अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल या उससे नीचे के पदों पर कार्यरत हैं। वहीं, कर्नल रैंक के पद करीब 10.5 प्रतिशत, ब्रिगेडियर के 2.5 प्रतिशत और मेजर जनरल के पद केवल 0.8 प्रतिशत हैं।
नए मॉडल में अधिकारियों की पदोन्नति के लिए सेवाकाल के आधार पर समयसीमा तय करने का सुझाव दिया गया है। इसके तहत 4 साल की सेवा पर मेजर, 10 साल में लेफ्टिनेंट कर्नल और 14 साल में कर्नल बनने का प्रस्ताव है। वहीं, 20 से 21 साल की सेवा पर मेजर जनरल रैंक, 26 साल में मेजर जनरल के पे-लेवल तक टाइम-स्केल प्रमोशन और 27 से 28 साल की सेवा पर लेफ्टिनेंट जनरल रैंक तक पहुंचने का सुझाव दिया गया है।
Indian Army Promotion Rules Change : ब्रिगेडियर रैंक खत्म होने पर मेजर जनरल संभालेंगे कमान
प्रस्ताव के तहत यदि ब्रिगेडियर रैंक समाप्त किया जाता है, तो मेजर जनरल रैंक के अधिकारियों को ब्रिगेड और डिवीजन दोनों स्तरों की कमान सौंपने की व्यवस्था की जा सकती है। इससे सेना के मौजूदा कमांड स्ट्रक्चर में एक रैंक कम हो जाएगा और अधिकारियों के प्रमोशन के नए रास्ते खुलने की संभावना है। इसके अलावा, कर्नल और उससे नीचे के रैंक के अधिकारियों की रिटायरमेंट उम्र 54 से बढ़ाकर 56 वर्ष करने का सुझाव दिया गया है। इससे सेना को अनुभवी अधिकारियों की सेवाएं दो साल अधिक समय तक मिल सकेंगी।
SSC अधिकारियों की संख्या बढ़ाने का भी सुझाव
प्रस्ताव में शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) के तहत अधिकारियों की संख्या बढ़ाने की बात भी शामिल है। इसके लिए नियमित कमीशन और शॉर्ट सर्विस कमीशन अधिकारियों का अनुपात 1:1.1 रखने का सुझाव दिया गया है। गौरतलब है कि ब्रिगेडियर रैंक को समाप्त करने का मुद्दा पहले भी उठ चुका है। वर्ष 2018 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के कार्यकाल के दौरान गठित एक उच्चस्तरीय कमेटी में भी इस पर चर्चा हुई थी, लेकिन उस समय सहमति नहीं बन पाई थी। यदि मौजूदा प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो इसका असर केवल थलसेना तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि नौसेना के कमोडोर और वायुसेना के एयर कमोडोर जैसे समकक्ष रैंकों के ढांचे पर भी पड़ सकता है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


