
नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Disappearing Stars Cause : पिछले कुछ समय से वैज्ञानिक आसमान में दिखाई देने वाले तारों की संख्या में कमी को लेकर चिंतित हैं। चर्चा इस बात की हो रही है कि आखिर ऐसा क्या हो रहा है कि रात का आसमान पहले जैसा चमकदार नहीं रहा। कई लोग इसे किसी रहस्यमयी घटना से जोड़ रहे हैं, लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके पीछे कोई राक्षस या अजीब ताकत नहीं, बल्कि इंसानी गतिविधियां ही जिम्मेदार हैं।
पहले गांवों और छोटे शहरों में रात का आसमान बेहद साफ और तारों से भरा हुआ दिखाई देता था। बच्चे घंटों आसमान को निहारते रहते थे और टिमटिमाते तारों की चमक मन को सुकून देती थी। लेकिन अब शहरों में बढ़ती कृत्रिम रोशनी और प्रदूषण ने इस दृश्य को पूरी तरह बदल दिया है। दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में तो हालात इतने खराब हो चुके हैं कि रात में भी आसमान धुंधला नजर आता है और तारे मुश्किल से दिखाई देते हैं।
Disappearing Stars Cause :हालांकि देश के कुछ इलाकों जैसे लद्दाख के हैनले और महाराष्ट्र के पेंच जैसे डार्क स्काई रिजर्व में आज भी आसमान बेहद साफ दिखाई देता है। यहां रोशनी का प्रदूषण न के बराबर है, इसलिए मिल्की वे भी साफ नजर आती है और आसमान की असली खूबसूरती देखने को मिलती है। कुछ दिनों पहले देश के कई हिस्सों में साफ आसमान के चलते लोगों ने बड़ी संख्या में तारों और आकाशगंगा को देखा, जिसका प्रतिबिंब नदियों और झीलों के पानी में भी दिखाई दे रहा था।
वैज्ञानिकों के अनुसार तारों के गायब होने का सबसे बड़ा कारण आर्टिफिशियल लाइट यानी कृत्रिम रोशनी है। स्ट्रीट लाइट, बिल्डिंग्स और वाहनों की तेज रोशनी आसमान में मौजूद तारों की रोशनी को दबा देती है, जिससे वे नजर नहीं आते। इसके अलावा हवा में बढ़ता धूल और प्रदूषण भी आसमान को धुंधला बना देता है। इसका असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि जानवरों और प्रकृति पर भी पड़ रहा है। कई जीव-जंतु रात में दिशा पहचानने के लिए तारों पर निर्भर रहते हैं, जबकि कुछ पौधे और फूल भी रात के प्राकृतिक प्रकाश के अनुसार खिलते हैं। ऐसे में यह बदलाव पर्यावरण और जीवन के संतुलन पर भी असर डाल रहा है। यह साफ है कि आसमान से तारे गायब नहीं हो रहे, बल्कि हमारी जीवनशैली और बढ़ते प्रदूषण के कारण हम उन्हें देख नहीं पा रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


