
तरनतारन (वीकैंड रिपोर्ट)- Murder in TarnTaran College : पंजाब के Tarn Taran जिले के गांव उस्मा स्थित एक लॉ कॉलेज में शुक्रवार को सनसनीखेज और दर्दनाक वारदात सामने आई। कॉलेज के अंदर क्लासरूम में एक युवक ने छात्रा को गोली मार दी, इसके बाद उसी युवक ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान संदीप कौर, निवासी नौशेरा पन्नू के रूप में हुई है, जो लॉ कॉलेज की छात्रा थी। वहीं युवक की पहचान प्रिंस राज सिंह, निवासी गांव मल्लियां के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही क्लास में पढ़ते थे।
प्रपोजल ठुकराने से नाराज़ था आरोपी
मृतका की बहन के अनुसार, प्रिंस राज सिंह ने संदीप कौर को प्रपोज किया था, जिसे उसने ठुकरा दिया था। छात्रा ने साफ तौर पर कहा था कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती है। परिजनों का आरोप है कि इसी नाराज़गी के चलते युवक ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
Murder in TarnTaran College : कॉलेज प्रबंधन पर उठे सवाल
घटना के बाद मृतका के परिवार ने कॉलेज प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि घटना के समय कॉलेज में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद था। इसके अलावा, परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें समय पर पूरी जानकारी नहीं दी गई।

पुलिस जांच में जुटी, छात्रों में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने सबूत जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में डर और दहशत का माहौल है, जबकि मृतका के परिवार में गहरा शोक पसरा हुआ है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------






