
जम्मू (वीकैंड रिपोर्ट): नियंत्रण रेखा पर मदरसा चलाने वाले एक तस्कर से करोड़ों रुपये की कीमत की हेरोइन बरामद हुई है। जम्मू पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर पुंछ के मेंढर में यह हेरोइन बरामद की है। तस्कर ने इसे नियंत्रण रेखा के पास बनी फेंसिंग के आगे बने अपने घर के पास इसे छुपाकर रखा हुआ था। जम्मू की सिटी पुलिस ने मेंढर पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की है। मौलवी का नाम मोहम्मद अल्ताफ है। वह पेशे से है तो मौलवी लेकिन हेरोइन का क्रास बार्डर तस्कर है। इसके पकड़े जाने से पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। दो हफ्ते पहले सिटी पुलिस ने हरि मार्केट इलाके में एक होटल से दो तस्करों को पकड़ा था। इनके पास से एक क्रेटा कार और 12 लाख रुपये की नकदी पकड़ी थी। इनसे जब पूछताछ की गई तो इन्होंने बताया कि वह माल की सप्लाई पुंछ के मेंढर के बालाकोट के रहने वाले मोहम्मद अल्ताफ से लेकर आए हैं जो वहां पर एक मदरसा चलाता है और मौलवी है। इस पूछताछ के बाद पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने पंजतीर्थि पुलिस चौकी के चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद शर्मा के नेतृत्व में एक टीम को मेंढर भेजा। यहां मेंढर पुलिस के साथ मिलकर मोहम्मद अल्ताफ उर्फ हफीज (नेम कोड) को दबोचा गया। मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि उसके पास 12 किलो हेरोइन है जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 60 करोड़ रुपये कीमत है। वह बालाकोट में रहता है। उसका घर फेंसिंग के आगे है। घर के बगल में उसने लकड़े के फट्टों के नीचे 12 पैकेट में इसे छुपाकर रखा हुआ है। अल्ताफ की निशानदेही पर पुलिस मौके पर पहुंची और हेरोइन बरामद कर ली गई।]]>
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------

