





मोगा (वीकैंड रिपोर्ट)- ED Raid in Punjab : पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी है। मोगा से आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद गुरुवार सुबह ED की टीम ने फिरोजपुर जिले के जीरा में निलंबित पटवारी नवदीप सिंह के घर रेड की। सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान तैनात किए गए हैं। किसी को भी घर के अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
नवदीप सिंह पहले मोगा जिले के धर्मकोट में पटवारी के पद पर तैनात था। उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। बाद में राजस्व विभाग ने उसे निलंबित कर दिया। वह 7 जुलाई 2026 को जमानत पर जेल से बाहर आया था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि निलंबित पटवारी का AAP विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा से क्या संबंध है। ED की कार्रवाई को नेशनल हाईवे-754A के निर्माण के लिए अधिगृहित सरकारी जमीन के कथित फर्जी इंतकाल और मुआवजा घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है।
विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के 7 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी
ED की टीमों ने बुधवार सुबह करीब 6 बजे मोगा से AAP विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विधायक के घर समेत कुल 7 परिसरों को जांच के दायरे में लिया गया। इनमें मोगा स्थित उनका आवास, डोसांझ रोड की मॉडल कॉलोनी में कैंप कार्यालय और जीटी रोड स्थित आइकॉन हाइट्स का एक फ्लैट शामिल था। इसके अलावा खन्ना के नजदीक लिबड़ा गांव में विधायक के ननिहाल से जुड़े ठिकाने पर भी ED की टीम पहुंची। बाघापुराना स्थित आशीर्वाद नशा मुक्ति एवं पुनर्वास अस्पताल में भी तलाशी ली गई। इस अस्पताल का संबंध विधायक के पति डॉ. राकेश अरोड़ा से बताया जा रहा है। विधायक के पति और परिवार के सदस्यों से जुड़े अन्य परिसरों की भी जांच की गई।
निलंबित पटवारी नवदीप सिंह पर धोखाधड़ी के आरोप
नवदीप सिंह की पहले मोगा जिले के धर्मकोट में तैनाती रही है। उसके खिलाफ 16 जून 2024 को धर्मकोट थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर फरीदकोट जेल भेज दिया था। गिरफ्तारी के बाद राजस्व विभाग ने उसे निलंबित कर दिया था। 7 जुलाई 2026 को जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया था। अब ED की टीम ने जीरा स्थित उसके घर पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी इस मामले से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित सबूतों की पड़ताल कर रही है।
ED Raid in Punjab : क्या है नेशनल हाईवे-754A का कथित मुआवजा घोटाला?
इस मामले की शुरुआत पंजाब पुलिस द्वारा 16 जून 2024 को धर्मकोट थाने में दर्ज FIR से हुई थी। मामला मोगा जिले के आदरमान गांव की सरकारी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि नेशनल हाईवे-754A के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान राजस्व रिकॉर्ड में कथित तौर पर फर्जी इंतकाल तैयार किया गया। इसके जरिए सरकारी जमीन को निजी जमीन दिखाकर मुआवजे की रकम हासिल की गई। जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, निजी लाभार्थी दिलखुश कुमारी को करीब 1 करोड़ 65 हजार 724 रुपये का मुआवजा जारी किया गया था। बाद की जांच में संबंधित जमीन पंजाब सरकार की पाई गई। यह भी आरोप है कि तत्कालीन तहसीलदार के फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव किया गया था। मोहाली की फोरेंसिक साइंस लैब की जांच में भी दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों के कथित तौर पर फर्जी होने की बात सामने आई थी।
लिबड़ा गांव में मोबाइल फोन कब्जे में लेने की चर्चा
ED की छापेमारी के दौरान अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की जांच की गई। खन्ना के नजदीक लिबड़ा गांव स्थित परिसर से मोबाइल फोन कब्जे में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। जांच एजेंसी कथित मनी ट्रेल का पता लगाने में जुटी है। अधिकारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि मुआवजे के रूप में जारी की गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। हालांकि, अभी तक ED की ओर से नकदी, सोना या किसी बड़ी संपत्ति की बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ED की रेड के विरोध में AAP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
विधायक के आवास पर ED की कार्रवाई की खबर फैलते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता वहां एकत्रित हो गए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। AAP नेताओं और विधायक के समर्थकों ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताते हुए केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
ED Raid in Punjab : 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की राजनीति में हलचल
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जारी अपनी पहली उम्मीदवार सूची में डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को एक बार फिर मोगा विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। चुनाव से पहले विधायक के ठिकानों पर ED की छापेमारी और अब निलंबित पटवारी के घर हुई कार्रवाई ने पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों और कथित मुआवजा घोटाले में आगे होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


