





जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Assembly Elections 2027 : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच राज्य में एक नए राजनीतिक गठबंधन की संभावनाएं बनती दिखाई दे रही हैं। जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल-वारिस पंजाब दे, शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) एक साथ चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। संभावित गठबंधन के जरिए तीनों दल पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति बना रहे हैं।
फरीदकोट में हुई अहम बैठक
गठबंधन की संभावनाओं को लेकर रविवार देर शाम फरीदकोट में अहम बैठक हुई। इसमें अकाली दल (पुनर सुरजीत) के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह और बसपा के प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह करीमपुरी ने राजनीतिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। बताया जा रहा है कि बसपा और अमृतपाल सिंह की पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर पहले ही सहमति बन चुकी है। अब अकाली दल (पुनर सुरजीत) को भी इस मोर्चे में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अकाली दल (पुनर सुरजीत) के फरीदकोट से वरिष्ठ नेता अमनिंदर सिंह बन्नी ने बसपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारियों की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, गठबंधन को लेकर बातचीत आगे बढ़ रही है और जल्द ही इसका औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।
Punjab Assembly Elections 2027 : माझा, दोआबा और मालवा पर नजर
तीनों दलों के संभावित गठबंधन को पंजाब के तीन प्रमुख क्षेत्रों माझा, दोआबा और मालवा में अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से माझा में 25, दोआबा में 23 और मालवा में 69 सीटें हैं। अमृतपाल सिंह की पार्टी का प्रभाव मुख्य रूप से माझा क्षेत्र में माना जाता है। वहीं, बसपा का परंपरागत आधार दलित समुदाय में है और दोआबा में उसकी राजनीतिक मौजूदगी अहम मानी जाती है। दूसरी ओर, अकाली दल (पुनर सुरजीत) के शामिल होने से गठबंधन को मालवा क्षेत्र में भी अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने का अवसर मिल सकता है।
सीटों के बंटवारे पर बन सकता है फॉर्मूला
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, गठबंधन को औपचारिक रूप मिलने की स्थिति में सीटों के बंटवारे में पार्टियों के क्षेत्रीय प्रभाव और मजबूत जनाधार को ध्यान में रखा जा सकता है। संभावित फॉर्मूले के तहत माझा में अमृतपाल सिंह की पार्टी, दोआबा में बसपा और मालवा में अकाली दल (पुनर सुरजीत) की भूमिका अहम हो सकती है। हालांकि, अभी तक सीटों के बंटवारे और साझा चुनावी कार्यक्रम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। यदि तीनों दल एक साथ चुनाव मैदान में उतरते हैं, तो 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में एक नया राजनीतिक गठबंधन देखने को मिल सकता है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


