





चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Government Quiz Competition : टीवी के लोकप्रिय शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर अब पंजाब के युवाओं को भी करोड़पति बनने का मौका मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता का ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया। इस प्रतियोगिता के विजेता को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें 15 से 30 वर्ष की आयु के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं का सामान्य ज्ञान बढ़ाने के साथ उन्हें सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी है। सवाल पंजाब के इतिहास, संस्कृति, विरासत, भूगोल और विभिन्न शैक्षणिक विषयों से जुड़े होंगे।
11 चरणों में होगा मुकाबला
‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता कुल 11 राउंड में आयोजित की जाएगी। शुरुआती नौ चरण ऑनलाइन होंगे। इनमें प्रतिभागियों को पोर्टल पर बहुविकल्पीय सवालों के जवाब देने होंगे। हर सवाल के चार विकल्प होंगे और सही जवाब देने वाले प्रतिभागी अगले चरण में पहुंचेंगे। जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ेगी, सवालों का स्तर भी कठिन होता जाएगा। दसवां और ग्यारहवां राउंड ऑफलाइन आयोजित किए जाएंगे। दसवें चरण में जिला स्तर पर मुकाबले होंगे। पंजाब के सभी 23 जिलों के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा कराई जाएगी। प्रत्येक जिले से चुने गए शीर्ष प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले में पहुंचेंगे, जहां एक करोड़ रुपये के विजेता का फैसला होगा।
विजेता को 1 करोड़, चार उपविजेताओं को 10-10 लाख
प्रतियोगिता में पुरस्कारों का आकर्षक ढांचा रखा गया है। ग्रैंड फिनाले जीतने वाले प्रतिभागी को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं, चार उपविजेताओं को 10-10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा शीर्ष रैंक हासिल करने वाले 10 हजार प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे।
Punjab Government Quiz Competition : 50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार
इस प्रतियोगिता के लिए करीब 50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार किया गया है। इसमें पंजाब के इतिहास, संस्कृति, विरासत, भूगोल, गणित और पंजाब सरकार से जुड़े विषय शामिल किए गए हैं। इसके अलावा पटवारी, पुलिस कांस्टेबल, पंजाब सिविल सर्विसेज (PCS) और सब डिवीजनल ऑफिसर (SDO) सहित विभिन्न सरकारी पदों की भर्ती परीक्षाओं से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। इससे युवाओं को अपनी तैयारी परखने और सामान्य ज्ञान मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
स्कूल-कॉलेजों से युवाओं को प्रोत्साहित करने की अपील
पोर्टल लॉन्च करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षकों के साथ अभिभावकों से भी अपील की कि वे युवाओं को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें और उनका अधिक से अधिक पंजीकरण करवाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को ज्ञान बढ़ाने, अपनी प्रतिभा दिखाने और पुरस्कार जीतने का अवसर देगी। उन्होंने युवाओं से ‘पंजाब दा करोड़पति’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


