

चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- BJP Punjab Election Campaign 2027 : पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आ रही है। चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए पार्टी ने सितंबर और अक्टूबर में अपने शीर्ष नेताओं के कार्यक्रम पंजाब में आयोजित करने की रणनीति बनाई है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर में पंजाब का तीन दिवसीय दौरा कर सकते हैं, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी राज्य में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के संभावित दौरे की रूपरेखा तैयार की जा रही है। पार्टी अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला क्षेत्र के विधानसभा हलकों में उनके रोड शो और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने पर विचार कर रही है। बताया जा रहा है कि दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री माझा क्षेत्र के कई विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो कर सकते हैं और रात को राधा स्वामी सत्संग ब्यास मुख्यालय में ठहर सकते हैं।
बठिंडा और पटियाला में भी हो सकता है बड़ा कार्यक्रम
भाजपा के प्रदेश नेता प्रधानमंत्री की रैली बठिंडा या पटियाला में आयोजित कराने के लिए केंद्रीय नेतृत्व से संपर्क में हैं। संभावना जताई जा रही है कि पीएम मोदी बठिंडा से रोड शो करते हुए पटियाला तक भी पहुंच सकते हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तैयार करने में जुटा हुआ है। इसके साथ ही केंद्र सरकार और पार्टी के अधिकारी इस बात पर भी मंथन कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान पंजाब के लिए कौन-कौन सी नई घोषणाएं और विकास योजनाएं पेश कर सकते हैं।
BJP Punjab Election Campaign 2027 : 18 सितंबर से शुरू होगा BJP का बड़ा अभियान
पंजाब में कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे को लेकर भाजपा 18 सितंबर से विशेष जनजागरण अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान की शुरुआत पठानकोट से होगी, जिसका नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। इसके बाद 19, 20 और 21 सितंबर को तलवंडी साबो, केसगढ़ साहिब और फाजिल्का से भी इसी तरह के मार्च निकाले जाने की संभावना है। इन अभियानों की अगुवाई कई केंद्रीय मंत्रियों को सौंपी जा सकती है।
जालंधर में होगी अमित शाह की बड़ी रैली
चारों दिशाओं से शुरू होने वाले ये मार्च जालंधर में आकर समाप्त होंगे, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक विशाल जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। भाजपा इस रैली के जरिए पंजाब में अपनी संगठनात्मक ताकत और चुनावी तैयारी का प्रदर्शन करने की योजना बना रही है। इन कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा और तारीखों को लेकर मंगलवार को दिल्ली में भाजपा की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, संगठन मंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार अमित शाह भी इस बैठक में हिस्सा ले सकते हैं।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


