
बठिंडा, 23 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Bathinda BJP Leader Clinic Attack : पंजाब के बठिंडा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े नेता और डॉक्टर डॉ. तरसेम गर्ग के क्लिनिक पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार रात करीब पौने 10 बजे हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन क्लिनिक के गेट के अंदर खड़ी एक एक्टिवा आग की चपेट में आ गई और क्षतिग्रस्त हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मेला राम रोड स्थित हैनमैन क्लिनिक में दो नकाबपोश युवक पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक हमलावर क्लिनिक के बाहर खड़ा होकर बोतल में आग लगाने की तैयारी कर रहा था, जबकि उसका साथी पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। इसके बाद हमलावर ने जलती हुई बोतल क्लिनिक के गेट के अंदर फेंक दी, जिससे वहां खड़ी एक्टिवा में आग लग गई। घटना के समय क्लिनिक के अंदर मौजूद व्यक्ति ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों को आता देख दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
डॉ. तरसेम गर्ग ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से अपने क्लिनिक में ही रह रहे थे, लेकिन घटना वाले दिन ही घर लौटे थे। यदि वह उस समय क्लिनिक में मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
Bathinda BJP Leader Clinic Attack : AAP छोड़ भाजपा में हुए थे शामिल
डॉ. तरसेम गर्ग पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब ट्रेड विंग में सक्रिय रहे थे। वे पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की दौड़ में भी शामिल थे और बठिंडा नगर निगम चुनावों के दौरान संगठन में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। हालांकि बाद में पार्टी से मतभेद होने के कारण उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया था।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


