
लखनऊ, 10 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Weather Alert : उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट लेनी शुरू कर दी है। पिछले कुछ दिनों से वाराणसी, प्रयागराज, बांदा और आगरा समेत कई जिलों में तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा था, लेकिन अब प्रदेशवासियों को जल्द राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में आंधी, तूफान, बिजली गिरने और प्री-मानसून बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जिलों में हवाओं की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ गरज-चमक और तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है।
IMD की नाउकास्ट चेतावनी के अनुसार लखनऊ, उन्नाव और हरदोई में तेज आंधी और बारिश का खतरा बना हुआ है। वहीं जालौन, इटावा, आगरा, कानपुर देहात, औरैया, बाराबंकी तथा अन्य कई जिलों में भी तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, महोबा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, रायबरेली, झांसी, ललितपुर, फिरोजाबाद, मैनपुरी और कुशीनगर सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
Weather Alert : ताजा आंकड़ों के अनुसार वाराणसी में अधिकतम तापमान 43.6°C, बांदा में 42.6°C, प्रयागराज में 42.5°C, चुर्क में 42.3°C, झांसी में 42°C और आगरा में 41.9°C दर्ज किया गया है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 10 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। वहीं 11 जून से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान तेज आंधी, बिजली और मूसलाधार बारिश के कारण तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस बदलाव के पीछे तीन प्रमुख मौसमीय प्रणालियां सक्रिय हैं। इनमें उत्तर हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण, बंगाल की खाड़ी से नमी खींचने वाली ट्रफ रेखा और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ शामिल है। मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


