





गुरदासपुर (वीकैंड रिपोर्ट)- Gurdaspur Tajinder Singh Murder Case : गुरदासपुर के चर्चित तजिंदर सिंह मौत मामले में पुलिस जांच ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में पुलिस ने तजिंदर की 16 वर्षीय नाबालिग गर्लफ्रेंड को हिरासत में लिया है। आरोप है कि युवती ने कुछ युवकों को पैसे देकर तजिंदर की पिटाई करवाने की साजिश रची थी। अदालत ने नाबालिग को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जिसके बाद पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रिमांड के दौरान हमले से पहले और बाद की घटनाओं, आरोपियों के बीच संपर्क और कथित साजिश की कड़ियों को जोड़ा जाएगा। साथ ही मारपीट में शामिल अन्य युवकों की पहचान कर उनकी तलाश भी जारी है।
10वीं की परीक्षा में हुई थी दोस्ती, फिर प्यार में बदला रिश्ता
मृतक तजिंदर सिंह गुरदासपुर के खोखरा गांव का रहने वाला था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार के अनुसार, तजिंदर और नाबालिग युवती की पहचान 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती गहरी हुई और रिश्ता प्यार में बदल गया। तजिंदर की मां का कहना है कि करीब तीन साल पहले दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवार को मिली थी। उन्होंने बेटे को सावधान करते हुए लड़की से दूरी बनाने की सलाह भी दी थी।
अन्य युवकों से संपर्क की जानकारी के बाद बढ़ी दूरियां
परिजनों का दावा है कि करीब तीन महीने पहले तजिंदर को पता चला था कि युवती कुछ अन्य युवकों के संपर्क में भी है। इसके बाद उसने धीरे-धीरे उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी और रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया था।
मिलने के बहाने बुलाया, फिर हुई मारपीट: परिवार का आरोप
तजिंदर की बहन ने आरोप लगाया कि नाबालिग युवती ने भूसा गांव में कुछ युवकों को पहले से इकट्ठा किया और फिर तजिंदर को मिलने के लिए बुलाया। 18 सितंबर की शाम जब तजिंदर वहां पहुंचा तो कथित तौर पर युवकों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में गंभीर रूप से घायल तजिंदर को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हमला करने वाले युवक वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
Gurdaspur Tajinder Singh Murder Case : पूछताछ में युवती का दावा- मारने नहीं, हाथ-पैर तुड़वाने के लिए दिए थे पैसे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान नाबालिग ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने युवकों को तजिंदर के हाथ-पैर तोड़ने के लिए पैसे दिए थे, लेकिन उसकी हत्या करवाने का इरादा नहीं था। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
SIT कर रही मामले की जांच
गुरदासपुर के एसपी ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। टीम नाबालिग युवती, हमले में शामिल युवकों और घटना के पीछे की परिस्थितियों की विस्तार से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


