
किरतपुर साहिब, 3 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Himachal Entry Tax Protest : हिमाचल प्रदेश में लागू एंट्री टैक्स को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है। किरतपुर साहिब-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिमाचल सरकार द्वारा वाहनों से वसूले जा रहे एंट्री टैक्स के विरोध में निहंग संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। विरोध के तहत पंजाब-हिमाचल सीमा के समीप ‘खालसा एंट्री टैक्स’ की वसूली शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलचल बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, निहंग संगठन तरना दल की अगुआई में यह कदम उठाया गया है। संगठन का कहना है कि जब तक हिमाचल सरकार एंट्री टैक्स वापस नहीं लेती, तब तक विरोध जारी रहेगा। निहंगों ने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार द्वारा लगाया गया टैक्स आम लोगों और व्यापारिक गतिविधियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है।
पंजाब सरकार की ओर से किसी प्रकार का आधिकारिक ‘पंजाब एंट्री टैक्स’ लागू किए जाने से पहले ही निहंग संगठनों ने पंजाब-हिमाचल सीमा के नजदीक मोड़ा क्षेत्र में ‘खालसा एंट्री टैक्स’ लगाने की घोषणा कर दी। इसके बाद आज से वाहनों से निर्धारित राशि की वसूली शुरू कर दी गई।
Himachal Entry Tax Protest : तरना दल के निहंग अच्छर सिंह ने बताया कि कारों और अन्य छोटे निजी वाहनों से 100 रुपये, छोटे व्यावसायिक वाहनों से 200 रुपये तथा बड़े वाहनों से 300 से 500 रुपये तक की राशि ली जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कदम हिमाचल सरकार के फैसले के विरोध स्वरूप उठाया गया है। विरोध प्रदर्शन को और तेज करते हुए निहंग संगठनों ने दोपहर 3 बजे तक गांव मोड़ा के समीप किरतपुर-मनाली हाईवे पर चक्का जाम करने की भी घोषणा की है। इससे हाईवे पर यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
उधर, प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, एंट्री टैक्स को लेकर पंजाब और हिमाचल के बीच शुरू हुआ विवाद अब एक बड़े जन आंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


