
दुबई, 11 मार्च 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Dubai Airport Drone Attack : मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। बुधवार सुबह दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) के पास ड्रोन हमला होने से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक भारतीय नागरिक समेत चार लोग घायल हो गए हैं।
हमले के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
ड्रोन हमले से मचा हड़कंप
दुबई प्रशासन के अनुसार बुधवार सुबह एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया के पास दो ड्रोन गिरने की पुष्टि हुई है। इस घटना में दो घाना के नागरिक, एक बांग्लादेशी और एक भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हमले के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को जल्द नियंत्रण में लेते हुए हवाई यातायात को सामान्य बनाए रखने की कोशिश शुरू कर दी है।
Dubai Airport Drone Attack : यात्रियों के लिए जारी हुई सख्त एडवाइजरी
दुबई इंटरनेशनल और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन करने वाली संस्था दुबई एयरपोर्ट्स ने यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
प्रशासन ने यात्रियों से कहा है कि जब तक एयरलाइन उड़ान के समय की पुष्टि न करे, तब तक एयरपोर्ट न पहुंचें। फिलहाल उड़ानों के संचालन में 60 से 90 मिनट तक की देरी देखी जा रही है।
हफ्ते भर में दूसरा हमला
गौरतलब है कि 1 मार्च को भी दुबई एयरपोर्ट के एक हिस्से को ड्रोन हमले से निशाना बनाया गया था, जिसमें चार कर्मचारी घायल हुए थे। उस समय एयरपोर्ट के इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्लान के तहत यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
Dubai Airport Drone Attack : मिडिल ईस्ट में विमानन संकट
ईरान से जुड़े हमलों के कारण मिडिल ईस्ट के हवाई क्षेत्र में बड़ा संकट खड़ा हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक 28 फरवरी से अब तक क्षेत्र के सात प्रमुख एयरपोर्ट्स पर 40,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।
दुबई, दोहा, अबू धाबी, शारजाह, कुवैत और बहरीन जैसे बड़े एयर ट्रांजिट हब से करीब 51,600 उड़ानें प्रभावित हुई हैं। वहीं यूएई में फ्लाइट्स कैंसिल होने से एक समय में करीब 20,200 यात्री फंसे हुए बताए जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि कोरोना महामारी के बाद यह विमानन क्षेत्र के लिए सबसे बड़ा संकट बनकर सामने आया है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


