
लखनऊ (वीकैंड रिपोर्ट)- Uttar Pradesh missing persons : उत्तर प्रदेश में रहस्यमय ढंग से गायब हो रहे लोगों की बढ़ती संख्या और पुलिस की कथित निष्क्रियता पर Allahabad High Court की लखनऊ बेंच ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। पिछले दो वर्षों में प्रदेश से एक लाख से अधिक लोगों के लापता होने की खबरों पर अदालत ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इस मामले को जनहित याचिका (PIL) के रूप में दर्ज करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इतने बड़े पैमाने पर लोगों के गायब होने के बावजूद पुलिस का रवैया हैरान करने वाला और चिंताजनक है।
एक पिता की याचिका से खुली सिस्टम की पोल
इस गंभीर मुद्दे की परतें उस समय खुलीं, जब जस्टिस Abdul Moin और जस्टिस Babita Rani की डिवीजन बेंच एक पीड़ित पिता विक्रमा प्रसाद की क्रिमिनल रिट याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि उनका बेटा जुलाई 2024 से लापता है, लेकिन पुलिस ने अब तक उसे खोजने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
Uttar Pradesh missing persons : सरकारी हलफनामे ने चौंकाए आंकड़े
कोर्ट के निर्देश पर जब अपर मुख्य सचिव (गृह) ने हलफनामा दाखिल किया, तो जो आंकड़े सामने आए, उन्होंने कानून-व्यवस्था की तस्वीर साफ कर दी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक— 1 जनवरी 2024 से 18 जनवरी 2026 के बीच उत्तर प्रदेश में करीब 1,08,300 लोग लापता हुए लेकिन पुलिस ने केवल 9,700 मामलों (करीब 10%) में ही कार्रवाई शुरू की यानी लाखों लोग गायब हैं और अधिकांश मामलों में जांच तक शुरू नहीं की गई।
हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
इन आंकड़ों पर नाराजगी जताते हुए कोर्ट ने कहा कि लापता होने के मामलों में तत्काल कार्रवाई सबसे जरूरी होती है, लेकिन पुलिस अधिकारियों की सुस्ती बेहद गंभीर चिंता का विषय है। अदालत ने इस पूरे मुद्दे को व्यापक जनहित से जुड़ा मानते हुए निर्देश दिया कि इसे ‘In re: Missing Persons in the State’ के नाम से एक अलग जनहित याचिका के तौर पर दर्ज किया जाए।
Uttar Pradesh missing persons : आज ही होगी अगली सुनवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने इसे गुरुवार (5 फरवरी) को ही अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का आदेश दिया है। यह आदेश न सिर्फ उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि अगर समय रहते जवाबदेही तय नहीं हुई, तो हजारों परिवार इसी तरह अपनों की तलाश में भटकते रहेंगे।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


