

जालंधर (वीकैंड रिपोर्ट)- Satyam Hospital Child Death Case Jalandhar : जालंधर के कपूरथला चौक के नजदीक स्थित सत्यम अस्पताल में 7 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद देर रात माहौल तनावपूर्ण हो गया। बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
छत से गिरने के बाद सत्यम अस्पताल में कराया गया था भर्ती
जानकारी के अनुसार कार्तिक नामक 7 वर्षीय बच्चा सोमवार को छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। सिर में चोट लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सत्यम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उनसे लगातार विभिन्न खर्चों के नाम पर पैसे जमा करवाए जाते रहे, लेकिन बच्चे की वास्तविक स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
दूसरे अस्पताल ले जाने की इच्छा पर बढ़ा विवाद
परिवार का कहना है कि उन्होंने बच्चे को किसी बड़े अस्पताल में शिफ्ट करने की इच्छा जताई थी, लेकिन उन्हें काफी समय तक बच्चे से मिलने नहीं दिया गया। परिजनों के मुताबिक वे बार-बार बच्चे की हालत जानने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें अलग-अलग समय बताकर इंतजार करवाया जाता रहा। इसी दौरान परिवार को बच्चे की स्थिति को लेकर गंभीर आशंका होने लगी।
मौत की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल के बाहर धरना
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने अस्पताल के अंदर जाने की कोशिश की तो सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। बाद में परिवार के एक सदस्य को अंदर जाकर बच्चे की मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद अस्पताल के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई। मृतक के पिता शमशेर ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते बच्चे की गंभीर स्थिति की जानकारी दी जाती तो वे उसे किसी अन्य अस्पताल में ले जाने का फैसला कर सकते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्चे की मौत के बाद भी परिवार को समय पर जानकारी नहीं दी गई।
Satyam Hospital Child Death Case Jalandhar : इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिवार के अनुसार कार्तिक उनका इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
हंगामे की सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि जांच और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
सत्यम अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को नकारा
वहीं सत्यम अस्पताल के मैनेजर धीरज गुप्ता ने कहा कि जब बच्चे को अस्पताल लाया गया था, तब उसकी हालत बेहद गंभीर थी। उन्होंने दावा किया कि अस्पताल की ओर से इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती गई और परिजनों को समय-समय पर जानकारी दी जाती रही। अस्पताल प्रबंधन ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मामले की जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


