
चंडीगढ़, 11 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Weather Update : पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में खराब मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से 11 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट और 12, 13 व 14 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज आंधी, बारिश, तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पंजाब के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं और मौसम अचानक बदल सकता है।रविवार को भी दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली का दौर जारी रहा, जबकि रात के समय तेज तूफान ने मौसम में बदलाव के संकेत दिए। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है।
फरीदकोट रहा सबसे गर्म
राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में दर्ज किया गया, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मई के दूसरे सप्ताह के हिसाब से तापमान अभी सामान्य स्तर से नीचे बना हुआ है। लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी तेजी से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
Weather Update : ओलावृष्टि के भी आसार
मौसम विशेषज्ञों ने कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। पिछले दिनों पंजाब के कई हिस्सों में हुई ओलावृष्टि को देखते हुए विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
तापमान में बड़ा अंतर
इस समय पंजाब में न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच करीब 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ यह अंतर कम होकर करीब 5 डिग्री तक रह सकता है। आने वाले दिनों में सुबह से ही तेज धूप और गर्मी का असर महसूस होने लगेगा।
सेहत का रखें खास ध्यान
डॉक्टरों और मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सतर्क रहने के लिए कहा गया है। तेज धूप, गर्म हवाओं और अचानक मौसम बदलने के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


