
लुधियाना, 25 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Municipal Council Elections : पंजाब में आज नगर परिषद चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर हैं। खन्ना, समराला, पायल, दोराहा, रायकोट और जगराओं में होने वाले नगर परिषद चुनावों में कुल 452 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 2,09,561 मतदाता करेंगे। राज्य चुनाव आयोग और जिला प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से करवाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
108 वार्डों में होगी वोटिंग
इन नगर परिषदों में कुल 112 वार्ड थे, लेकिन चार वार्ड पहले ही निर्विरोध घोषित हो चुके हैं। समराला के तीन और खन्ना का एक वार्ड बिना मुकाबले के तय हो चुका है। अब बाकी 108 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इसके लिए 257 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
इतने पुरुष और महिला वोटर डालेंगे वोट
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक कुल मतदाताओं में 1,09,244 पुरुष वोटर, 1,00,303 महिला वोटर और 14 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सबसे ज्यादा वोटर खन्ना नगर परिषद में हैं। यहां कुल 99,391 लोग मतदान करेंगे। इनमें 51,680 पुरुष, 47,709 महिला और 2 अन्य मतदाता शामिल हैं।
Punjab Municipal Council Elections : समराला से जगराओं तक कांटे की टक्कर
समराला नगर परिषद के 12 वार्डों में 17,167 वोटर अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। पायल में 11 वार्डों के लिए 6,371 मतदाता मतदान करेंगे। दोराहा में 15 वार्डों में 18,160 वोटर मतदान करेंगे। वहीं रायकोट नगर परिषद में 20,596 और जगराओं में 47,876 मतदाता वोट डालेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रशासन ने चुनाव को लेकर संवेदनशील इलाकों की विशेष निगरानी शुरू कर दी है। पोलिंग स्टेशनों के बाहर पुलिस बल, क्विक रिस्पॉन्स टीम और निगरानी टीमें तैनात की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वोट डालने के लिए जरूरी दस्तावेज
मतदाताओं से मतदान केंद्रों पर वैध पहचान पत्र साथ लाने की अपील की गई है। अगर किसी मतदाता के पास वोटर कार्ड नहीं है, तो वे आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, पेंशन दस्तावेज या अन्य मान्य फोटो पहचान पत्र दिखाकर वोट डाल सकते हैं।
Punjab Municipal Council Elections : प्रशासन ने की ज्यादा मतदान की अपील
हिमांशु जैन ने लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग बिना किसी डर, दबाव या लालच के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।
29 मई को आएंगे नतीजे
मतदान खत्म होने के बाद 29 मई 2026 को मतगणना होगी। इसके बाद सभी नगर परिषदों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इन चुनावों को स्थानीय राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इनके नतीजों का असर आने वाले बड़े चुनावों की रणनीति पर भी पड़ सकता है। फिलहाल संबंधित शहरों में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है और उम्मीदवार आखिरी समय तक वोटरों को साधने में जुटे हुए हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


