

चंडीगढ़ (वीकैंड रिपोर्ट)- Independence Day Scam : स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर जहां सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म शुभकामना संदेशों से भर जाते हैं, वहीं साइबर अपराधी भी लोगों की भावनाओं और भरोसे का फायदा उठाने के लिए सक्रिय हो जाते हैं। पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि एक फर्जी लिंक, आकर्षक गिफ्ट ऑफर या संदिग्ध फाइल पर क्लिक करना आपकी जिंदगी भर की कमाई को खतरे में डाल सकता है।
पुलिस की चेतावनी: परिचित नंबर से आए लिंक पर भी न करें आंख बंद कर भरोसा
राज्य पुलिस और साइबर सेल ने आम लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस, त्योहारों या विशेष अवसरों पर मिलने वाले फ्री गिफ्ट, लकी ड्रॉ और आकर्षक ऑफर वाले लिंक पर क्लिक करने से बचें। कई मामलों में ऐसे संदेश किसी परिचित या रिश्तेदार के नंबर से भी आ सकते हैं, क्योंकि उनका फोन पहले से हैक हो सकता है।
एक लिंक और पूरा मोबाइल साइबर ठगों के कब्जे में
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार ठग पहले किसी एक व्यक्ति का मोबाइल हैक करते हैं और फिर उसके संपर्कों में मौजूद लोगों को फर्जी लिंक भेजते हैं। चूंकि संदेश किसी भरोसेमंद व्यक्ति के नंबर से आता है, इसलिए लोग आसानी से झांसे में आ जाते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल और निजी जानकारी भी साइबर अपराधियों की पहुंच में आ सकती है।
Independence Day Scam : APK फाइल से रहें सावधान, डिजिटल कार्ड भी बन सकते हैं खतरा
विशेषज्ञों ने लोगों को APK फाइलों से विशेष रूप से सावधान रहने की सलाह दी है। APK एक एप्लीकेशन इंस्टॉलेशन फाइल होती है, जिसे खोलते ही मोबाइल में खतरनाक सॉफ्टवेयर इंस्टॉल हो सकता है। इसके जरिए ठग बैंकिंग ऐप, निजी फोटो, मैसेज और अन्य संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बना सकते हैं। आजकल शादी के डिजिटल कार्ड और बधाई संदेशों के नाम पर भी ऐसी फाइलें भेजी जा रही हैं।
साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत करें यह काम
यदि किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद मोबाइल में असामान्य गतिविधि दिखाई दे या वित्तीय धोखाधड़ी का संदेह हो, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से साइबर सुरक्षा एजेंसियां आपके पैसे को होल्ड या ब्लॉक कराने में मदद कर सकती हैं और नुकसान को कम किया जा सकता है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


