
चेन्नई/तिरुनेलवेली, 9 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Tamil Nadu political crisis : तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक असमंजस अब सड़कों तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनने के बावजूद तमिलगा वेट्री कझगम अब तक बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं कर पाई है, जिसके कारण नई सरकार के गठन पर संशय बना हुआ है। इसी बीच अभिनेता-राजनेता विजय के संभावित शपथ ग्रहण समारोह को फिलहाल टाल दिया गया है।
विजय समर्थक ने की आत्मदाह की कोशिश
राजनीतिक गतिरोध के बीच विजय समर्थकों में नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है। शनिवार को तिरुनेलवेली जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां विजय के एक समर्थक ने कथित तौर पर आत्मदाह की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सरकार गठन में देरी से था परेशान
स्थानीय लोगों के मुताबिक घायल युवक टीवीके का कट्टर समर्थक है और वह पिछले कई दिनों से सरकार गठन में हो रही देरी को लेकर काफी परेशान था। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वह विजय के समर्थन में अलग अंदाज में प्रदर्शन कर चुका था। कुछ महीने पहले उसने विजय के मुख्यमंत्री बनने की कामना करते हुए धार्मिक अनुष्ठान भी कराया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।
Tamil Nadu political crisis : नेताओं ने की शांति बनाए रखने की अपील
बढ़ते तनाव के बीच कई राजनीतिक नेताओं ने चिंता जताई है। तमिलिसाई सौंदरराजन ने विजय से अपील की कि वह अपने समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में भावनाएं स्वाभाविक हैं, लेकिन हिंसा या आत्मघाती कदम किसी भी स्थिति में सही नहीं हैं।
तमिलनाडु में बढ़ रही बेचैनी
सरकार गठन में हो रही देरी के चलते राज्य में राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है। टीवीके अन्य दलों और निर्दलीय विधायकों से समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है, जबकि विपक्षी दल भी सक्रिय रणनीति में जुटे हैं। इस बीच कुछ इलाकों से समर्थकों के बीच तनाव और झड़पों की खबरें भी सामने आई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो राज्य में राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ सकती है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


