
मुरादाबाद, 15 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Strange Normal Delivery : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक बेहद अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां स्थित तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल में 31 वर्षीय महिला ने महज पांच दिनों के अंतराल में चार बच्चों को जन्म देकर सभी को हैरान कर दिया। सबसे खास बात यह रही कि इतने हाई-रिस्क मामले के बावजूद सभी डिलीवरी बिना सर्जरी के सामान्य तरीके से हुईं।
संभल जिले के असमोली क्षेत्र की रहने वाली अमीना की गर्भावस्था शुरुआत से ही बेहद जटिल मानी जा रही थी। जांच में पता चला था कि उनके गर्भ में चार भ्रूण पल रहे हैं। डॉक्टरों ने मां और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ‘फीटल रिडक्शन’ की सलाह दी थी, ताकि जोखिम को कम किया जा सके। हालांकि परिवार ने ईश्वर पर भरोसा जताते हुए सभी बच्चों को जन्म देने का फैसला लिया।
गर्भावस्था के दौरान अमीना को ब्लड प्रेशर और लीवर से जुड़ी गंभीर समस्याओं का भी सामना करना पड़ा, जिसके चलते डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी करती रही।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 8 मई को समय से पहले प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद 9 मई को अमीना ने पहले बेटे को जन्म दिया। जन्म के समय बच्चे का वजन केवल 710 ग्राम था। इसके बाद डॉक्टरों ने सूझबूझ दिखाते हुए दवाइयों की मदद से बाकी डिलीवरी को रोक दिया, ताकि अन्य बच्चों को कुछ और समय मिल सके।
Strange Normal Delivery : करीब पांच दिन बाद 14 मई को अमीना को दोबारा दर्द उठा और उन्होंने एक बेटे और दो बेटियों को भी नॉर्मल डिलीवरी के जरिए जन्म दिया। इस घटना को डॉक्टर मेडिकल साइंस के लिए भी बेहद दुर्लभ मान रहे हैं।
फिलहाल मां और चारों नवजात बच्चों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, एक बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि बाकी तीन बच्चों को प्री-मैच्योर और कम वजन होने के कारण विशेष देखभाल की जरूरत है।
इस सफल डिलीवरी में डॉ. शुभ्रा अग्रवाल, डॉ. पूर्ति, डॉ. रोली और डॉ. मोनिका समेत मेडिकल स्टाफ की अहम भूमिका रही। वहीं बच्चों के पिता मोहम्मद आलिम ने अस्पताल और डॉक्टरों की टीम का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही डॉक्टरों पर पूरा भरोसा था।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


