
नई दिल्ली, 16 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Petrol Diesel Price Hike : महंगाई से परेशान आम जनता को जल्द ही एक और बड़ा झटका लग सकता है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद अब ईंधन के दामों में और बड़ा इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले कुछ हफ्तों में पेट्रोल और डीजल के दाम 10-10 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए जा सकते हैं।
बताया जा रहा है कि तेल कंपनियां लगातार हो रहे घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठा सकती हैं। एमके ग्लोबल (Emkay Global) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को मौजूदा नुकसान से बाहर निकालने के लिए कीमतों में बड़ा इजाफा करना जरूरी हो गया है।
अगले 2-3 हफ्तों में बढ़ सकते हैं दाम
रिपोर्ट में कहा गया है कि तेल कंपनियां या तो एकमुश्त 10 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं, या फिर इसे चरणबद्ध तरीके से अगले दो से तीन हफ्तों में लागू किया जा सकता है।
महंगाई पर पड़ेगा सीधा असर
पेट्रोल और डीजल महंगे होने का सीधा असर आम आदमी के घरेलू बजट पर पड़ेगा। ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी से माल ढुलाई महंगी होगी, जिससे खाने-पीने के सामान समेत रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस सिलेंडर और दूध की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के चलते खुदरा महंगाई दर में करीब 0.42 प्रतिशत तक उछाल आ सकता है।
Petrol Diesel Price Hike : कंपनियों को हर लीटर पर भारी नुकसान
रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा समय में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को पेट्रोल-डीजल बेचने पर प्रति लीटर 17 से 18 रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह स्थिति तब है जब केंद्र सरकार मार्च में एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपये की कटौती कर चुकी है।
जानकारों का कहना है कि यदि जल्द कीमतों में पर्याप्त बढ़ोतरी नहीं की गई, तो तेल कंपनियों को चालू तिमाही में 57 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान झेलना पड़ सकता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


