
हमीरपुर, 7 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Hamirpur Boat Accident : हमीरपुर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास यमुना नदी में नौ लोगों से भरी नाव अचानक पलट गई। हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद हुआ है। वहीं चार बच्चे अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, कुतुबपुर गांव निवासी देशराज निषाद के घर बेटी की शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने आए कुछ रिश्तेदार गुरुवार को यमुना नदी पार कर दूसरी ओर तरबूज और खरबूज खाने गए थे। विष्णु निषाद अपनी पत्नी और सात बच्चों को नाव के जरिए नदी पार लेकर गए थे।
Hamirpur Boat Accident : बताया जा रहा है कि वापसी के दौरान जैसे ही नाव नदी के बीच पहुंची, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और नाव तेज धारा में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और नाव में सवार लोग नदी में बहने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विष्णु निषाद और एक बच्चे ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक अन्य बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद किया गया। चार बच्चों की तलाश अभी भी जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों और SDRF की टीमों की मदद से सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है। हालांकि तेज बारिश और यमुना की तेज धारा के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि लापता बच्चों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन नदी किनारे अपनों के मिलने की उम्मीद में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


