
कोलकाता, 7 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Suvendu Adhikari PA murder : पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद राजनीतिक तनाव के बीच बुधवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में हुई, जिसने पूरे राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार को रास्ते में रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में चंद्रनाथ रथ और उनका ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चंद्रनाथ रथ की मौत हो गई।
कौन थे चंद्रनाथ रथ?
42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी माने जाते थे। वह मूल रूप से पूर्वी मिदनापुर जिले के चांदीपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। राजनीति में आने से पहले वह भारतीय वायुसेना में अधिकारी रह चुके थे। साल 2019 में जब शुभेंदु अधिकारी ममता सरकार में मंत्री थे, उसी दौरान चंद्रनाथ उनके साथ जुड़े और बाद में उनके निजी सहायक बन गए। जब शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा, तब भी चंद्रनाथ उनके साथ बने रहे।
2021 विधानसभा चुनाव में भी आए थे चर्चा में
चंद्रनाथ रथ का नाम 2021 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भी सुर्खियों में आया था। भवानीपुर स्थित स्ट्रॉन्गरूम विवाद के दौरान उन्होंने भाजपा समर्थकों के साथ प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। उस समय उन्होंने मतगणना केंद्र के पास नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया था।
Suvendu Adhikari PA murder : कार रोककर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमले के दौरान चंद्रनाथ रथ को कई गोलियां लगीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उनकी कार का पीछा एक कार और बाइक सवार हमलावर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि पीछा कर रही कार ने आगे निकलकर उनकी गाड़ी को रुकने पर मजबूर किया, जिसके बाद बाइक पर मौजूद बदमाशों ने गोलियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान करीब 10 राउंड फायरिंग हुई। हमलावर जिस बाइक पर सवार थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी।
पुलिस जांच में जुटी, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
पुलिस ने संदिग्ध कार को कब्जे में ले लिया है। जांच में पता चला है कि कार का नंबर सिलीगुड़ी का है, हालांकि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हमले का तरीका साफ तौर पर पूर्व नियोजित हत्या की ओर इशारा कर रहा है।
हत्या के बाद BJP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। चुनावी नतीजों के बाद हुई इस वारदात ने राज्य की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक माहौल को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


