
लुधियाना, 15 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Halwara Airport : लुधियाना के लोगों का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। शुक्रवार को हलवारा एयरपोर्ट पर पहली कमर्शियल फ्लाइट लैंड हुई और इसके साथ ही लुधियाना को अपनी सीधी एयर कनेक्टिविटी मिल गई। यह फ्लाइट इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से रवाना होकर हलवारा पहुंची। हालांकि एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन 1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था, लेकिन शेड्यूल में कई बदलावों के बाद अब नियमित उड़ान सेवा शुरू हो गई है।
रोजाना चलेंगी दो फ्लाइट्स
एयर इंडिया अब हलवारा और दिल्ली के बीच रोजाना दो फ्लाइट्स संचालित करेगी। दिल्ली से हलवारा का सफर करीब 1 घंटा 15 मिनट का होगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार यात्रियों को फ्लाइट से कम से कम 90 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा।
पहली फ्लाइट में पहुंचे कई बड़े नेता
शुक्रवार सुबह दिल्ली से हलवारा पहुंची पहली फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी समेत कई भाजपा नेता और यात्री सवार थे। वहीं हलवारा से दिल्ली रवाना हुई फ्लाइट में भी बड़ी संख्या में यात्री शामिल रहे।
Halwara Airport : उद्योग जगत को मिलेगा बड़ा फायदा
नई एयर कनेक्टिविटी से लुधियाना और आसपास के इलाकों के उद्योगपतियों और कारोबारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर होजरी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़े व्यापारियों को अब दिल्ली के जरिए मुंबई, कोलकाता और अन्य बड़े शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। उद्योग जगत का मानना है कि इससे निवेश, व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
साहनेवाल एयरपोर्ट नहीं हो पाया था सफल
इससे पहले लुधियाना में साहनेवाल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान सेवा शुरू की गई थी, लेकिन कम विजिबिलिटी और तकनीकी कारणों के चलते वह प्रोजेक्ट सफल नहीं हो पाया। इसके बाद लोगों को एयर ट्रैवल के लिए चंडीगढ़ या अमृतसर एयरपोर्ट पर निर्भर रहना पड़ता था। लंबे समय से उद्योग संगठनों और व्यापारियों द्वारा लुधियाना के लिए बेहतर एयर कनेक्टिविटी की मांग उठाई जा रही थी।
ऐसे रहेगा फ्लाइट शेड्यूल
- दिल्ली से सुबह 5:55 बजे उड़ान, 7:05 बजे हलवारा पहुंचेगी
- हलवारा से सुबह 7:55 बजे उड़ान, 9:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी
- दिल्ली से दोपहर 12:55 बजे उड़ान, 2:10 बजे हलवारा पहुंचेगी
- हलवारा से दोपहर 2:40 बजे उड़ान, 3:55 बजे दिल्ली पहुंचेगी
प्रोजेक्ट से जुड़ी बड़ी बातें
- 2019 में प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली
- पंजाब सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का ज्वाइंट वेंचर
- गांव एतियाना की 161.28 एकड़ जमीन अधिग्रहित
- एयरफोर्स स्टेशन बेस के साथ तैयार किया गया एयरपोर्ट
- करीब ₹70 करोड़ की लागत
- GLADA द्वारा फंड उपलब्ध कराया गया
- भविष्य में इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू करने के उद्देश्य से टर्मिनल तैयार
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


