

नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट)- Cab Booking Tip Ban : ऑनलाइन कैब बुकिंग करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने ओला, उबर और अन्य कैब एग्रीगेटर्स को अपने मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म से एडवांस टिप और एक्स्ट्रा पेमेंट से जुड़े फीचर्स हटाने का निर्देश दिया है। मंत्रालय का कहना है कि राइड शुरू होने से पहले यात्रियों से टिप मांगना मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस, 2025 का उल्लंघन है।
एडवांस टिप और ‘क्विक राइड’ जैसे विकल्प होंगे बंद
मंत्रालय द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार अब ऐप्स पर “Advance Tip”, “Choose an Add-On” और “Improve Your Chances of Quicker Ride Confirmation” जैसे विकल्प नहीं दिखाए जा सकेंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी यात्री को यह संकेत नहीं दिया जाना चाहिए कि अतिरिक्त पैसे देने से उसकी कैब जल्दी कन्फर्म होगी या उसे बेहतर सेवा मिलेगी।
यात्रियों पर नहीं बनाया जा सकता अतिरिक्त भुगतान का दबाव
सरकार का मानना है कि इस तरह के फीचर्स यात्रियों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव बनाते हैं। इसलिए ऐप का इंटरफेस ऐसा होना चाहिए जिससे कोई भी व्यक्ति बिना किसी दबाव या लालच के अपनी कैब बुक कर सके। मंत्रालय ने कहा कि अतिरिक्त भुगतान को बेहतर सेवा, कम वेटिंग टाइम या ड्राइवर की स्वीकृति से जोड़ना नियमों के खिलाफ है।
Cab Booking Tip Ban : राइड पूरी होने के बाद ही दे सकेंगे टिप
मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस, 2025 के अनुसार यात्री ड्राइवर को टिप केवल यात्रा पूरी होने के बाद अपनी इच्छा से दे सकता है। टिप पूरी तरह स्वैच्छिक होगी और उसका 100 प्रतिशत हिस्सा ड्राइवर को ही मिलेगा। एग्रीगेटर कंपनियां इसमें किसी प्रकार की कटौती नहीं कर सकेंगी।
ऐप्स को तुरंत बदलाव करने के निर्देश
मंत्रालय ने सभी कैब एग्रीगेटर कंपनियों को अपने ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की तत्काल समीक्षा करने को कहा है। यदि किसी ऐप में नियमों के खिलाफ कोई फीचर, मैसेज, पेमेंट विकल्प या ऐड-ऑन मौजूद है तो उसे तुरंत हटाना होगा। सरकार ने साफ किया है कि राइड पूरी होने से पहले यात्रियों को अतिरिक्त भुगतान के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रेरित नहीं किया जा सकता।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


