
अजमेर, 28 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Ajmer Car Fire Accident : राजस्थान के अजमेर में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में कांग्रेसी नेता समेत एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा अजमेर से करीब 60 किलोमीटर दूर बोराड़ा थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जब चलती स्कॉर्पियो कार में अचानक आग लग गई।
जानकारी के मुताबिक हादसे में पूर्व सरपंच और जिला परिषद सदस्य रामसिंह चौधरी, उनकी मां और पूर्व सरपंच पूसी देवी, पत्नी तथा भांजी महिमा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कार कुछ ही पलों में आग के गोले में बदल गई और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने आसपास से मंगाए गए पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
Ajmer Car Fire Accident : प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामसिंह चौधरी अपनी मां को अस्पताल लेकर जा रहे थे, क्योंकि सुबह अचानक उनके सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इसी दौरान रास्ते में कार में आग लग गई और बड़ा हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल शॉर्ट सर्किट समेत हर संभावित कारण को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है और मामले की जांच जारी है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


