
लाइफस्टाइल डेस्क (वीकैंड रिपोर्ट)- Summer Home Cooling Tips : देश के कई हिस्सों में एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मियों में दोपहर के समय तेज धूप जब सीधे घर की दीवारों और छत पर पड़ती है, तो कंक्रीट और ईंटें अत्यधिक गर्म हो जाती हैं। यही गर्मी धीरे-धीरे घर के अंदर पहुंचती है, जिससे कमरा भट्ठी जैसा महसूस होने लगता है और एसी या कूलर की कूलिंग भी कम प्रभावी हो जाती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कुछ आसान और किफायती उपाय अपनाए जाएं तो घर की दीवारों को गर्म होने से काफी हद तक बचाया जा सकता है। इससे न केवल घर का तापमान नियंत्रित रहेगा बल्कि बिजली की खपत भी कम हो सकती है।
सबसे पहले, घर की बाहरी दीवारों और खिड़कियों को सीधे धूप से बचाना जरूरी है। इसके लिए बाहर की तरफ बांस की चिक या पर्दे लगाए जा सकते हैं। ये सूरज की सीधी किरणों को रोकते हैं और कमरे के तापमान को कम रखने में मदद करते हैं। साथ ही इनमें मौजूद छोटे-छोटे छिद्रों से ताजी हवा का आवागमन भी बना रहता है।
Summer Home Cooling Tips : यदि आपके घर में बालकनी है तो वहां भी चिक या ग्रीन नेट लगाना फायदेमंद साबित हो सकता है। 75 प्रतिशत शेड वाली ग्रीन नेट धूप की तीव्रता को कम करती है और दीवारों को सीधे गर्म होने से बचाती है। यह उपाय कम खर्च में बेहतर परिणाम देने वाला माना जाता है।
गर्मी कम करने का एक और आसान तरीका है कि शाम के समय घर की बाहरी दीवारों पर पानी का छिड़काव किया जाए। सूर्यास्त के बाद दीवारों पर ठंडा पानी डालने से दिनभर जमा हुई गर्मी तेजी से बाहर निकलती है और रात के समय घर अपेक्षाकृत ठंडा रहता है।
विशेषज्ञ घर के आसपास हरियाली बढ़ाने की भी सलाह देते हैं। मनी प्लांट, बोगनवेलिया और अन्य बेल वाले पौधे दीवारों को प्राकृतिक छाया प्रदान करते हैं। इससे सूरज की सीधी किरणें दीवारों तक कम पहुंचती हैं और घर का तापमान नियंत्रित रहता है। साथ ही वातावरण भी अधिक ताजा और स्वच्छ महसूस होता है।
Summer Home Cooling Tips : यदि आप स्थायी समाधान चाहते हैं तो घर की बाहरी दीवारों और छत पर सोलर रिफ्लेक्टिव पेंट करवाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यह विशेष पेंट सूरज की गर्मी और किरणों को वापस परावर्तित कर देता है, जिससे दीवारें और छत कम गर्म होती हैं और घर के अंदर तापमान अपेक्षाकृत ठंडा बना रहता है। इन छोटे-छोटे उपायों को अपनाकर आप गर्मियों में अपने घर को काफी हद तक ठंडा रख सकते हैं और एसी-कूलर की कार्यक्षमता भी बढ़ा सकते हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


