
दुबई/पनामा (वीकैंड रिपोर्ट)- World Most Expensive Coffee : दुनिया भर में करोड़ों लोग कॉफी के शौकीन हैं और अपनी पसंदीदा कॉफी के लिए अच्छी-खासी रकम खर्च करने से भी नहीं हिचकिचाते। लेकिन क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि एक कप कॉफी की कीमत 57 हजार रुपये तक हो सकती है? जी हां, पनामा की मशहूर गेशा (Geisha) कॉफी ने अपनी दुर्लभता, शानदार स्वाद और रिकॉर्डतोड़ नीलामी कीमत के कारण दुनिया की सबसे महंगी कॉफी का दर्जा हासिल कर लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुबई के रोस्टर्स स्पेशलिटी कॉफी हाउस में इस विशेष गेशा कॉफी का एक कप करीब 57,000 रुपये (680 डॉलर) में परोसा जाता है। वहीं 2025 के ‘बेस्ट ऑफ पनामा’ ऑक्शन में इस कॉफी की एक किलोग्राम बीन्स के लिए 30,204 डॉलर यानी लगभग 25 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली लगी, जिसे दुनिया की सबसे महंगी कॉफी नीलामी के रूप में दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस कॉफी की ऊंची कीमत के पीछे इसकी बेहद सीमित उपलब्धता और वर्षों की रिसर्च जिम्मेदार है। जिस गेशा कॉफी ने यह रिकॉर्ड बनाया, उसे विकसित करने और उसकी गुणवत्ता को इस स्तर तक पहुंचाने में करीब 13 वर्षों का समय लगा। यह कॉफी केवल पनामा के बोकेटे क्षेत्र में स्थित हेसिएंडा ला एस्मेराल्डा फार्म में बेहद सीमित मात्रा में उगाई जाती है।
World Most Expensive Coffee : कॉफी उद्योग से जुड़े जानकारों का कहना है कि यह सिर्फ एक पेय पदार्थ नहीं बल्कि लग्जरी लाइफस्टाइल का प्रतीक बन चुकी है। बड़े कारोबारी, कॉफी कलेक्टर और हाई-प्रोफाइल ग्राहक इसे खरीदना प्रतिष्ठा और स्टेटस सिंबल के रूप में देखते हैं। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय नीलामियों में इसकी कीमत लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।
इस कॉफी की गुणवत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पनामा इंटरनेशनल जजिंग में इसे 98 अंक प्राप्त हुए थे, जो वैश्विक कॉफी उद्योग में बेहद प्रतिष्ठित रेटिंग मानी जाती है। नीलामी के दौरान 20 किलोग्राम के एक विशेष लॉट पर कुल 549 बोलियां लगीं और अंततः दुबई के ब्रांड ‘जुलिथ कॉफी’ ने इसे लगभग 5.78 करोड़ रुपये में खरीद लिया।
स्वाद की बात करें तो गेशा कॉफी अपने अनोखे फ्लेवर प्रोफाइल के लिए जानी जाती है। इसमें लिलाक, कोको, टेंजेरिन, खुबानी और चंदन जैसी सुगंध और स्वाद महसूस किए जा सकते हैं। गर्म अवस्था में इसमें जैस्मीन जैसी खुशबू आती है, जबकि ठंडी होने पर आम और लीची जैसे ट्रॉपिकल फलों के फ्लेवर और अधिक उभरकर सामने आते हैं। यही कारण है कि इसे कॉफी की दुनिया की ‘लक्जरी वाइन’ भी कहा जाता है।
World Most Expensive Coffee : दुबई, ताइवान और जापान जैसे देशों में इस कॉफी का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। ताइवान के एक कैफे में इसका एक कप 60 हजार रुपये से अधिक कीमत पर बेचा गया, जबकि जापान के एक कैफे ने एक कप कॉफी के लिए 84 हजार रुपये तक वसूले। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और रेयर कॉफी बीन्स की घटती उपलब्धता के कारण आने वाले वर्षों में इसकी कीमतें और बढ़ सकती हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


