

नई दिल्ली (वीकैंड रिपोर्ट): भारतीय रेलवे ने सभी नियमित यात्री ट्रेन सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है. वहीं 230 विशेष ट्रेनें चलती रहेंगी. भारतीय रेलवे ने अपने एक बयान में यह जानकारी दी. दरअसल कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए रेलवे ने ये फरमान जारी किया है.
रेलवे ने इसके लिए कोविड-19 के चलते परिवहन व्यवस्था पर लगाए गए प्रतिबंधों का हवाला दिया. मंत्रालय ने नोटिफिकेशन में यह भी कहा कि ‘चयनित गंतव्य स्थलों के बीच वर्तमान में चल रही 230 स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में कोई बदलाव नहीं होगा, जिसमें आवश्यक कार्यों में लगे लोगों के लिए मुंबई में चल रही लोकल ट्रेनें भी शामिल हैं.’
रेलवे ने कहा कि ‘सभी संबंधित पक्षों के संज्ञान में लाया जाता है, जैसा पहले ही निर्णय लिया गया है और सूचित किया गया है कि नियमित यात्री और लोकल ट्रेन सेवाएं अगले नोटिस तक निलंबित रहेंगी.’
रेलवे ने कहा, ‘गौरतलब है कि इस समय चल रहीं 230 विशेष ट्रेनें चलती रहेंगी. मुंबई में राज्य सरकार की जरूरत के अनुसार, केवल सीमित आधार पर चल रहीं लोकल ट्रेनें भी चलती रहेंगी.’
रेलवे ने कहा कि ‘विशेष ट्रेनों में यात्रियों की संख्या पर नियमित नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के आधार पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाई जा सकती हैं. लॉकडाउन से पहले तक चल रहीं अन्य सभी नियमित ट्रेनें और उपनगरीय ट्रेनें अगले नोटिस तक निलंबित रहेंगी.’
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


