
मुंबई (वीकैंड रिपोर्ट)- Mumbai Rain Alert : मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। सोमवार को भारी बारिश और उससे जुड़े अलग-अलग हादसों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं, लोहगढ़ किले के पास पाटन गांव में हुए भूस्खलन के बाद एक परिवार के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने मौके पर राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है।
बारिश के कारण मुंबई और पुणे के बीच सड़क संपर्क भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुराना मुंबई-पुणे हाईवे सुरक्षा कारणों से पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। भूस्खलन के चलते एक्सप्रेसवे के टनल-2 के पास मलबा जमा हो गया और एक कंक्रीट का पिलर भी क्षतिग्रस्त हो गया। वैकल्पिक मार्गों पर भी बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिसके चलते लोगों को यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

शहर के विभिन्न इलाकों में बारिश से जुड़े कई दर्दनाक हादसे सामने आए। कुर्ला में सड़क किनारे एक दुकान पर विशाल पेड़ गिरने से 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। साकी नाका में जलभराव के बीच छिपे मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि मीरा रोड-भायंदर में नारियल का पेड़ गिरने से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रतिबंधित पांडवकड़ा झरने पर गए दो युवक तेज बहाव में बह गए, जिनकी भी मौत हो गई।

Mumbai Rain Alert : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अत्यधिक भारी बारिश, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। खराब मौसम को देखते हुए मुंबई महानगर क्षेत्र के सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मुंबई विश्वविद्यालय ने भी सोमवार को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
रेल सेवाएं भी बारिश की मार से प्रभावित हुई हैं। कर्जत और लोनावला के बीच ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के पास रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन होने से सेंट्रल रेलवे की कई ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


