
जालंधर, 29 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Jalandhar Municipal Election Counting : जिले में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए मंगलवार को डाली गई वोटों की गिनती 29 मई को करवाई जाएगी। मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 7 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर परिषद आदमपुर के 13 वार्डों की मतगणना स्कूल ऑफ एमिनेंस आदमपुर में होगी। वहीं नगर परिषद करतारपुर के 15 वार्डों की गिनती जूडो हॉल स्कूल ऑफ एमिनेंस, लाडोवाली रोड जालंधर में करवाई जाएगी। नगर परिषद नकोदर के 17 वार्डों की मतगणना गुरु नानक नेशनल कॉलेज (लड़के) नकोदर में होगी।
इसके अलावा नगर परिषद नूरमहल के 13 वार्डों के लिए बीडीपीओ कार्यालय नूरमहल को मतगणना केंद्र बनाया गया है, जबकि नगर परिषद फिल्लौर के 15 वार्डों की गिनती कम्युनिटी हॉल फिल्लौर में होगी। नगर पंचायत महितपुर के 13 वार्डों की मतगणना ग्लोटिया गुरु हरगोबिंद बेट खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल महितपुर में करवाई जाएगी। वहीं नगर पंचायत लोहियां खास के 13 वार्डों के लिए सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) लोहियां खास को मतगणना केंद्र बनाया गया है।
Jalandhar Municipal Election Counting : जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे शुरू होगी। इसके लिए करीब 400 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें 25 प्रतिशत रिजर्व स्टाफ भी शामिल है। इसके अलावा 5 रिजर्व सहित कुल 19 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं।
प्रशासन की ओर से सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों को राज्य चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ मतगणना प्रक्रिया पूरी करवाने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि जिले की 5 नगर परिषदों और 2 नगर पंचायतों के कुल 99 वार्डों के लिए 341 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


