
जालंधर, 19 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Jalandhar Car Fire : जालंधर के पठानकोट बाईपास फ्लाईओवर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दौड़ती हुई एक स्विफ्ट डिजायर कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि कार में सवार पति-पत्नी ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि नई कार कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर राख हो गई।
अस्पताल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार कपूरथला नंबर (PB09U7045) की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार एक दंपती अपने बीमार रिश्तेदार का हालचाल जानने के लिए सेक्रेड हार्ट अस्पताल जा रहा था। जैसे ही कार पठानकोट बाईपास स्थित मल्टीप्लेक्स के नजदीक फ्लाईओवर पर पहुंची, वाहन से अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार का पूरा इंटीरियर, सीटें, स्टीयरिंग तथा शीशे जलकर खाक हो गए।
Jalandhar Car Fire : राहगीरों ने की मदद
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू कर दी। कई लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर और पानी की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती रहीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
सदमे में दंपती, जांच शुरू
हादसे के बाद दंपती को एहतियातन निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। यदि दंपती समय रहते कार से बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
अपने शहर की खबरें पढ़ने के लिए ज्वाइन करें WhatsApp Channel Click Here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


