





गोवा (वीकैंड रिपोर्ट)- Cockroach Janata Party : गोवा में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ किया है कि सीजेपी गोवा छोड़कर नहीं जाएगी, बल्कि यहां रहकर एक प्रेशर ग्रुप के रूप में काम करेगी और सरकार से लगातार सवाल पूछेगी। दीपके के मुताबिक, पार्टी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी, लेकिन चुनाव के लिए अपना अलग घोषणापत्र जरूर जारी करेगी। उनका कहना है कि पार्टी का उद्देश्य चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि गोवा के युवाओं और स्थानीय लोगों के मुद्दों को उठाना है।
धारा 39ए खत्म करवाना पार्टी की पहली प्राथमिकता
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकता गोवा नगर एवं ग्रामीण नियोजन अधिनियम में शामिल धारा 39ए को खत्म करवाना है। स्थानीय लोगों के विरोध के चलते यह प्रावधान राज्य की बीजेपी सरकार के लिए एक अहम राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है। दीपके ने आरोप लगाया कि गोवा की मूल संस्कृति और पहचान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीजेपी स्थानीय लोगों की जमीन, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में भी धारा 39ए के खिलाफ अभियान को सबसे ऊपर रखा जाएगा।
आशुतोष रांका बोले- गोवा में लंबा चलेगा राजनीतिक खेल
इस दौरान सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने पार्टी की भविष्य की रणनीति को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पार्टी गोवा में लंबे समय के लिए आई है और उसका लक्ष्य भारत को बचाना तथा नए भारत का निर्माण करना है। रांका ने कहा कि देश का भविष्य युवा हैं, न कि कोई 75 साल का ‘महामानव’। पार्टी की पिछली चुप्पी पर सफाई देते हुए उन्होंने बताया कि दिवाली के दौरान सीजेपी के सदस्य अपने परिवारों के साथ थे और कुछ समय के लिए ब्रेक पर थे। उन्होंने दावा किया कि देश के एक बड़े आंदोलन ने लोगों को एक मंच पर ला दिया है, जहां एक व्यक्ति के इस्तीफे की मांग को लेकर सभी एकजुट हुए। रांका ने कहा कि अब गोवा में लंबा राजनीतिक खेल चलेगा और कॉकरोच कभी नहीं मरेंगे।
Cockroach Janata Party : क्या है धारा 39ए को लेकर विवाद?
यह पूरा विवाद गोवा नगर एवं ग्रामीण नियोजन अधिनियम, 1974 में वर्ष 2024 में किए गए संशोधन से जुड़ा है। इसके तहत धारा 39ए को शामिल किया गया था। इस प्रावधान के अनुसार, बोर्ड की मंजूरी के बाद किसी भूखंड का जोन बदला जा सकता है। इस प्रक्रिया में आम जनता से आपत्तियां मांगी जाती हैं, लेकिन इसके लिए केवल 30 दिन का समय दिया जाता है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस प्रावधान के कारण कृषि योग्य जमीन और वन भूमि का इस्तेमाल निर्माण कार्यों तथा शहरी विकास के लिए किया जा सकता है। प्रदर्शनकारियों को आशंका है कि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा और आम लोगों के मुकाबले उद्योगपतियों तथा प्रभावशाली लोगों को फायदा मिल सकता है।
चुनाव नहीं लड़ेगी CJP, फिर भी सक्रिय रहेगी
विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी ने राज्य में सक्रिय रहने और अपना घोषणापत्र जारी करने की रणनीति बनाई है। पार्टी का कहना है कि वह प्रेशर ग्रुप के तौर पर सरकार के फैसलों पर सवाल उठाएगी और स्थानीय लोगों के मुद्दों को सामने लाएगी। अब देखना होगा कि धारा 39ए को लेकर सीजेपी का अभियान गोवा की राजनीति में किस तरह आगे बढ़ता है।
खबरें और हेल्थ-रिलेशनशिप टिप्स के लिए Follow करें
Facebook Click here
Instagram Click here
Whats-app Click here
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


