

जालंधर, 5 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Jyoti Nooran Husband : जालंधर के वेरका मिल्क प्लांट चौक में सड़क पर वाहन निकालने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में एक पिता और पुत्र के घायल होने की सूचना है। पीड़ित पक्ष ने सूफी गायिका ज्योति नूरां के पति अभिषेक उस्मान और उनके साथियों पर तेजधार हथियारों से हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना का वीडियो भी पीड़ितों द्वारा अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया गया है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना सकती है।

जानकारी के अनुसार कालिया कॉलोनी निवासी सतिंदर पाल अपने वाहन से वेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी कार का इंडिकेटर देकर रास्ता बदलने का प्रयास किया था। इसी दौरान सामने खड़ी एक अन्य कार में सवार चार से पांच युवकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने सड़क पर ही गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में मारपीट पर उतर आए।
Jyoti Nooran Husband : सतिंदर पाल के अनुसार जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। उन्होंने सहायता के लिए अपने पुत्र को मौके पर बुलाया, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि झगड़े के दौरान तेजधार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे दोनों घायल हो गए।

घटना के दौरान पिता-पुत्र ने अपने मोबाइल फोन पर पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद दोनों घायल अवस्था में इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में उन्हें जानकारी मिली कि जिस कार में सवार युवक थे, वह कथित तौर पर सूफी गायिका ज्योति नूरां के पति अभिषेक उस्मान की थी। हालांकि पीड़ितों का कहना है कि वे पहले से उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे।
घटना की सूचना मिलने पर थाना-1 के एसएचओ राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई थी कि वेरका मिल्क प्लांट चौक के पास दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है, जिसमें दोनों पक्षों के दो-दो युवक घायल हुए हैं।

Jyoti Nooran Husband : एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। साथ ही दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


