

मालदा (वीकैंड रिपोर्ट)- Adina Mosque Adinath Temple Dispute : पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित ऐतिहासिक अदीना मस्जिद को लेकर एक बार फिर विवाद तेज हो गया है। कुछ हिंदू संगठनों का दावा है कि यह स्थल मूल रूप से आदिनाथ शिव मंदिर था। इसी बीच बंगाली हिंदू संरक्षण संघ ने मस्जिद से करीब 50 मीटर की दूरी पर शिव प्रतिमा स्थापित करने और रुद्राभिषेक करने का ऐलान किया है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है, जबकि प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
20 जुलाई को तारकेश्वर से शुरू हुई शोभायात्रा विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए रविवार को मालदा पहुंची। आयोजकों के अनुसार सोमवार को शिवलिंग स्थापना और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल को विशेष रूप से सजाया गया है।
Adina Mosque Adinath Temple Dispute : आदिनाथ मंदिर होने का दावा, अदालत में मामला लंबित
ऐतिहासिक अभिलेखों के अनुसार सुल्तान सिकंदर शाह ने वर्ष 1373 में अदीना मस्जिद का निर्माण कराया था। हालांकि, कई हिंदू संगठन लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि मस्जिद का निर्माण प्राचीन आदिनाथ शिव मंदिर के अवशेषों पर हुआ था। उनका कहना है कि परिसर की वास्तुकला में हिंदू देवी-देवताओं और शिव से जुड़े प्रतीकों के संकेत मिलते हैं। इस दावे को लेकर मामला फिलहाल कलकत्ता हाई कोर्ट में विचाराधीन है।
हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करने का दावा
आयोजकों का कहना है कि शिवलिंग की स्थापना और रुद्राभिषेक का कार्यक्रम अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए आयोजित किया जा रहा है। उनका यह भी कहना है कि यदि अदालत का फैसला उनके पक्ष में आता है, तो भविष्य में इस स्थल पर आदिनाथ मंदिर के निर्माण का प्रयास किया जाएगा।
Adina Mosque Adinath Temple Dispute : प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए मालदा पुलिस ने अदीना मस्जिद परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया है। प्रशासन का कहना है कि सावन के दौरान यहां हर वर्ष धार्मिक आयोजन होते हैं और इस बार भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है। पुलिस पूरे कार्यक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Channel Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


