
चंडीगढ़, 3 जून 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Money Laundering Case : मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह उर्फ किक्की ढिल्लों को आज जांच में शामिल होने के लिए ED कार्यालय तलब किया गया। जानकारी के अनुसार, मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए वह ED कार्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनसे सवाल-जवाब शुरू कर दिए।
गौरतलब है कि किक्की ढिल्लों के खिलाफ मई 2023 में विजिलेंस ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में केस दर्ज किया था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। विजिलेंस की जांच में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2017 से 2022 के दौरान उन्होंने लगभग 10.72 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि इसी अवधि में उनकी घोषित आय करीब 3.18 करोड़ रुपये थी।
जांच एजेंसी के अनुसार, लगभग 7.53 करोड़ रुपये के खर्च के स्रोत को लेकर किक्की ढिल्लों संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए थे। इसी आधार पर विजिलेंस ब्यूरो ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई थी। बाद में इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है और मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।
Money Laundering Case : सूत्रों के मुताबिक, विजिलेंस जांच से जुड़े तथ्यों और वित्तीय लेन-देन के आधार पर ED ने भी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच शुरू की है। इसी क्रम में किक्की ढिल्लों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अधिकारियों द्वारा उनसे संपत्तियों, बैंक लेन-देन और आय के स्रोतों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
उधर, पंजाब में ED की कार्रवाई लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। इससे एक दिन पहले ही जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा से भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में करीब आठ घंटे तक पूछताछ की गई थी। वह सुबह जांच में शामिल होने पहुंचे थे और देर शाम ED कार्यालय से बाहर निकले। हालांकि उन्होंने मीडिया के सवालों से दूरी बनाए रखी। राजनीतिक हलकों में ED की लगातार कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं जांच एजेंसियों का कहना है कि सभी मामलों की जांच कानून के दायरे में और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


