
चंडीगढ़, 22 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab School Timing Change : पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए CM भगवंत मान सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने एक्स अकाउंट के जरिए जानकारी साझा करते हुए बताया कि 25 मई से पूरे राज्य में स्कूलों और सरकारी दफ्तरों का समय बदल दिया जाएगा।
अब सुबह 7:30 बजे खुलेंगे स्कूल और दफ्तर
नए आदेशों के अनुसार अब स्कूल और सरकारी कार्यालय सुबह 7:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 1:30 बजे छुट्टी कर दी जाएगी। यानी सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी अब 8 घंटे की बजाय 6 घंटे की होगी। सरकार का कहना है कि यह फैसला बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भीषण गर्मी और लू के खतरनाक असर से बचाने के लिए लिया गया है।
Punjab School Timing Change : हीट वेव से बेहाल पंजाब
पिछले कुछ दिनों से पंजाब के कई जिलों में तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। बठिंडा, लुधियाना, पटियाला और आसपास के इलाकों में दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली नजर आ रही हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
बच्चों की सेहत को लेकर बढ़ी चिंता
डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को लेकर चिंता जताई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लगातार बढ़ती गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर, उल्टी और हीट स्ट्रोक के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बच्चों की सेहत को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सरकार और डॉक्टरों ने दी ये जरूरी सलाह
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से कई सावधानियां बरतने की अपील की है। बच्चों को ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, लस्सी और ORS पिलाने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा:
- दोपहर में धूप में बाहर निकलने से बचें
- सिर को कपड़े या कैप से ढककर रखें
- हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें
- हल्का और सुपाच्य भोजन करें
- चक्कर, उल्टी या तेज सिरदर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
Punjab School Timing Change : बिजली और पानी की मांग बढ़ी
गर्मी बढ़ने के साथ ही राज्य में बिजली और पानी की मांग भी तेजी से बढ़ गई है। लोग कूलर, एसी और पंखों का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसके चलते कई इलाकों में बिजली लोड बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं।
आगे भी राहत के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पंजाब में गर्मी से तुरंत राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक की तेज धूप सबसे ज्यादा खतरनाक हो सकती है। फिलहाल सरकार की ओर से स्कूलों और दफ्तरों के समय में बदलाव को राहत भरा कदम माना जा रहा है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


