
श्री मुक्तसर साहिब, 16 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab Chemist Strike : ऑनलाइन फार्मेसी और सरकार की कथित नीतियों के विरोध में केमिस्ट एसोसिएशन ने 20 मई को पंजाब स्तर पर हड़ताल का ऐलान किया है। इस दौरान प्रदेशभर के केमिस्ट अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए केमिस्ट एसोसिएशन श्री मुक्तसर साहिब के प्रधान रिची भटेजा ने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते पारंपरिक केमिस्ट कारोबार गंभीर संकट से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से केमिस्ट भाईचारे की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है।
केमिस्टों की प्रमुख मांगें
एसोसिएशन ने सरकार के सामने कई अहम मांगें रखी हैं। इनमें सबसे बड़ी मांग गैर-कानूनी ऑनलाइन फार्मेसी पर रोक लगाने की है। केमिस्टों का कहना है कि ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री से नकली दवाओं का खतरा बढ़ रहा है और स्थानीय मेडिकल स्टोरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
इसके अलावा ड्रग एक्ट में संशोधन, ड्रग विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और लाइसेंस रिन्यूअल प्रक्रिया को आसान बनाने की भी मांग की गई है। केमिस्टों का कहना है कि लाइसेंस नवीनीकरण के दौरान तकनीकी परेशानियों और अनावश्यक देरी से व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
Punjab Chemist Strike : मरीजों को हो सकती है परेशानी
रिची भटेजा ने बताया कि 20 मई को इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी जरूरी दवाइयों का इंतजाम पहले ही कर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


