
हैदराबाद, 15 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Jail Experience : फिल्मों और वेब सीरीज में जेल की जिंदगी देखने के बाद अगर कभी आपके मन में यह सवाल आया हो कि आखिर सलाखों के पीछे की असली दुनिया कैसी होती है, तो अब इसका जवाब आपको हकीकत में मिल सकता है। हैदराबाद की प्रसिद्ध चंचलगुड़ा सेंट्रल जेल में आम लोगों के लिए अनोखा ‘Feel the Jail’ एक्सपीरियंस सेंटर और नया जेल म्यूजियम शुरू किया गया है। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने मंगलवार को इस खास प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। इस पहल के तहत अब कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छा से जेल जैसा अनुभव ले सकता है। इसके लिए 12 घंटे के जेल अनुभव की फीस 1,000 रुपये और 24 घंटे रुकने के लिए 2,000 रुपये तय की गई है।
आजादी की अहमियत समझाने की अनोखी पहल
जेल प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट को ‘जेल अनुभवम’ नाम दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, इसका उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि लोगों को जेल की सख्त जिंदगी, अनुशासन और सुधार प्रक्रिया से रूबरू कराना है। साथ ही लोगों को आजादी की असली कीमत समझाने की भी कोशिश की जा रही है। जो लोग इस अनुभव का हिस्सा बनेंगे, उन्हें विशेष रूप से तैयार की गई जेल कोठरियों में रखा जाएगा। इस दौरान उन्हें कैदियों जैसा भोजन दिया जाएगा और जेल की तय दिनचर्या व नियमों का पालन करना होगा।
Jail Experience : लोहे की सलाखें, नीली चादर और कैद जैसा माहौल
‘Feel the Jail’ एक्सपीरियंस के लिए तैयार किए गए कमरों को बिल्कुल असली जेल सेल की तरह बनाया गया है। इन कोठरियों में लोहे की मजबूत ग्रिल, सिंगल बेड, नेवी ब्लू चादर, मिट्टी का घड़ा और छोटा वॉशरूम मौजूद है। ताकि लोगों को जेल जीवन का वास्तविक एहसास हो सके। हालांकि सुरक्षा और वेंटिलेशन का भी पूरा ध्यान रखा गया है।
जेल म्यूजियम में दिखेगा इतिहास
एक्सपीरियंस सेंटर के साथ ही यहां नया जेल म्यूजियम भी खोला गया है, जिसमें निजाम काल से लेकर आधुनिक जेल व्यवस्था तक का इतिहास दर्शाया गया है। म्यूजियम में जेल सुधार प्रणाली और पुराने दौर की कैद व्यवस्था को भी विस्तार से दिखाया गया है। दुनियाभर में ‘डार्क टूरिज्म’ तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जहां पुरानी जेलों और ऐतिहासिक स्थानों को म्यूजियम और पर्यटन केंद्रों में बदला जा रहा है। हैदराबाद की यह पहल भी उसी ट्रेंड का हिस्सा मानी जा रही है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


