
चंडीगढ़, 15 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- Punjab weather update : पंजाब में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 6 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। विभाग का कहना है कि आने वाले घंटों में कई इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, अमृतसर, होशियारपुर और श्री मुक्तसर साहिब में कई जगहों पर तेज बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अचानक मौसम बदलने से कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई और यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
वहीं दूसरी तरफ राज्य में गर्मी लगातार लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक गुरुवार के मुकाबले तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Punjab weather update : मौसम विभाग ने 16 से 20 मई तक पंजाब के कई इलाकों में भीषण गर्मी को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक पहाड़ी इलाकों से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर पड़ने के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है।
इसके अलावा मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी बताया कि 16 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसके कारण आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


