
नई दिल्ली, 14 मई 2026 (वीकैंड रिपोर्ट)- India Sugar Export Ban : केंद्र सरकार ने घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए चीनी के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। सरकार ने कच्ची, सफेद और रिफाइंड चीनी के एक्सपोर्ट पर सितंबर 2026 तक प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक देश है और इस फैसले का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी देखने को मिला है।
सरकार ने जारी की अधिसूचना
सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 30 सितंबर 2026 तक या अगले आदेश तक चीनी निर्यात पर रोक लागू रहेगी। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब गन्ने की कमजोर पैदावार और अल नीनो की आशंका के कारण उत्पादन घटने की चिंता बढ़ रही है।
उत्पादन पर मंडरा रहा खतरा
रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने पहले 15 लाख मीट्रिक टन चीनी निर्यात की अनुमति दी थी, लेकिन अब अनुमान है कि लगातार दूसरे साल उत्पादन घरेलू खपत से कम रह सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में कमजोर फसल और मानसून पर असर डालने वाली अल नीनो परिस्थितियां उत्पादन को प्रभावित कर सकती हैं।
India Sugar Export Ban : पहले से भेजे जा रहे माल को राहत
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन खेपों की लोडिंग शुरू हो चुकी है या जिनका शिपिंग बिल पहले ही दाखिल किया जा चुका है, उन्हें निर्यात की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा जिन जहाजों ने भारतीय बंदरगाहों पर लंगर डाल दिया है, उन पर भी यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
वैश्विक बाजार में बढ़े दाम
भारत के इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी देखी गई। रिपोर्ट्स के अनुसार न्यूयॉर्क में कच्ची चीनी के वायदा भाव में 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई, जबकि लंदन में सफेद चीनी के दाम करीब 3 फीसदी उछल गए।
-----------------------------------------------------------------
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए >>>Join WhatsApp Group Join<<< करें। आप हमें >>>Facebook<<< फॉलो कर सकते हैं। लेटेस्ट खबरें देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल को भी सबस्क्राइब करें।
-----------------------------------------------------------------


